अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा प्रधान राजनाथ सिंह और पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल को दलित विरोधी करार देते हुए उनको दलित समुदाय से माफी मांगने को कहा। सुरजेवाला जालंधर में पत्रकारों से खास बातचीत कर रहे थे।
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि बादल सरकार की तरह ही गुजरात की नरेंद्र मोदी सरकार दलित विरोधी है। पंजाब की मौजूदा सरकार खुद को दलितों का सबसे हितैषी बताती है लेकिन असलियत यह है कि इस सरकार में दलितों की अपेक्षा हुई है।
कोई ऐसा काम नहीं हुआ, जिससे दलितों को फायदा मिला हो। दलितों की योजनाओं का पैसा अन्य संसाधनों पर खर्च कर दिया गया या फिर लैप्स हो गया।
सूबे में शिअद-भाजपा की सरकार को सात साल हो गए लेकिन इस दौरान अनुसूचित जाति सब प्लान की एक भी मीटिंग नहीं हुई, इसके चेयरमैन खुद सीएम होते हैं।
इस योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित जाति सब प्लान के तहत भेजी गई राशि में से 2009-10 में 1172 करोड़ खर्च नहीं हुए। 2010-11 में 758 करोड़, 2011-12 में 1420 करोड़, 2012-13 में 1368 करोड़ रुपये की राशि खर्च ही नहीं की गई।