इंटरनेशनल योग दिवस पर पीएम मोदी के चंडीगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस ने बड़ा हंगामे करने की रणनीति बनाई है। कांग्रेस के कार्यकर्ता सेक्टर-35 के कांग्रेस भवन से निकलकर कैपिटल कॉम्प्लेक्स की तरफ पैदल प्रदर्शन करने के लिए निकलेंगे। कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की है कि वह मंगलवार को शहर में आ रहे पीएम मोदी को काले झंडे दिखाएंगे।
वहीं पुलिस की भी योजना है कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस भवन से बाहर ही नहीं निकलने दिया जाए। पुलिस कांग्रेस भवन को सील कर करने की तैयारी में है। जबकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पानी के टेंडर भी मंगाए हैं। पुलिस को दलबल का भी प्रयोग करने के आदेश हैं।
मालूम हो कि इससे पहले पिछले साल जब मोदी सेक्टर-25 में रैली करने आए थे तो कई कांग्रेस नेताओं को एक रात पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा है कि कांग्रेस भवन से कैपिटल कॉम्प्लेक्स की ओर कार्यकर्ता कूच करेंगे। भाजपा लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।