समाना अस्पताल में आप विधायक ने देर रात दी दबिश, शौचालय में गंदगी देख हुए नाराज
पंजाब में अभी आम आदमी पार्टी की सरकार का गठन भी नहीं हुआ है, लेकिन इससे पहले ही पार्टी के विधायक फील्ड में सक्रिय हो गए हैं। सोमवार दोपहर को शुतराणा हलके के आप विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर ने पातड़ां के सिविल अस्पताल की रेड करके वहां के सीनियर मेडिकल अफसर (एसएमओ) को शराब के नशे में पकड़ा था। मौके से एक बोतल में देसी शराब भी मिली थी। वहीं सोमवार आधी रात को समाना हलके से विधायक चेतन सिंह जोड़ेमाजरा ने अपने हलके के सरकारी सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान अस्पताल के शौचालय में गंदगी देखकर विधायक भड़क गए और उन्होंने मौके पर मौजूद अस्पताल के अधिकारियों व मुलाजिमों की क्लास लगा दी। साथ ही तुरंत अस्पताल के एसएमओ को फोन करके अस्पताल में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के सख्त निर्देश दिए।
विधायक जोड़ेमाजरा ने अस्पताल में मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूछा कि क्या यहां के अधिकारी चेकिंग नहीं करते हैं या फिर सफाई कर्मचारी अपना काम सही ढंग से नहीं करते हैं। साथ ही कहा कि अगर अस्पताल अधिकारियों को किसी तरह की कोई परेशानी है, तो उन्हें बताया जाए। इससे वह अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करा सकें। इसके बाद विधायक ने एसएमओ से फोन पर बात की और कहा कि वह अस्पताल में सफाई व्यवस्था की चेकिंग खुद क्यों नहीं करते हैं। विधायक ने एसएमओ को साफ शब्दों में कहा कि अब पंजाब में आप की सरकार बनने वाली है, इसलिए अस्पतालों में अब वह पहले सी अव्यवस्था नहीं रहने दी जाएगी। इसके साथ ही जोड़ेमाजरा ने दौरे के दौरान अस्पताल के जिस हिस्से में रोशनी नहीं थी, वहां लाइट का इंतजाम करने को कहा। साथ ही अस्पताल में दाखिल मरीजों का हालचाल जाना और उनकी चिकित्सा सेवाओं व अस्पताल स्टाफ संबंधी शिकायतों के बारे में जाना।