फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वित्तमंत्री के सामने अपने ही दो विधायकों ने कैप्टन सरकार पर साधा निशाना, मंच से दागे कई सवाल

Sat, 12 Jan 2019 07:15 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फिरोजपुर (पंजाब)
विज्ञापन
मंच पर आरोप गिनाते हुए विधायक कुलबीर सिंह जीरा
विज्ञापन

फिरोजपुर की दानामंडी में शनिवार को वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल की अध्यक्षता में हो रहे शपथ ग्रहण समारोह का जीरा हलके के कांग्रेसी विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने बहिष्कार कर दिया। जीरा ने स्टेज पर बैठे आईजी एमएस छीना और दूसरे पुलिस अधिकारियों की ओर इशारा कर नाराजगी जताई।

विज्ञापन


जीरा ने कहा कि ऐसी झूठी शपथ लेने का क्या फायदा, जिस पर अमल ही न हो सके। यह कहकर वह मंच से नीचे उतर गए। उनके हलके के सभी पंच, सरपंच, ब्लॉक समिति और जिला परिषद भी बिना शपथ लिए उनके साथ चले गए। 

शनिवार को दानामंडी में वित्तमंत्री फिरोजपुर जिले के पंचों, सरपंचों व ब्लाक समिति के सदस्यों को शपथ दिलवाने पहुंचे थे। इस दौरान विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने स्टेज पर माइक संभालते ही अवैध नशे के मुद्दे पर बोलना शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने कैप्टन के उस वादे को याद दिलाया।
विज्ञापन


 जिसमें उन्होंने प्रदेश में नशा खत्म करने की बात कही थी। इसके बाद उन्होंने अपने हलके व फिरोजपुर शहरी हलके में अवैध नशे के कारोबार व अवैध नशे के साथ पकड़े लोगों पर दर्ज एफआईआर व एफआईआर रद्द होने के दर्जनों सबूत एक-एक करके दिखाए। 

इस दौरान उन्होंने स्टेज पर पहली पंक्ति में मंचासीन आईजी एमएस छीना पर तंज कसते हुए कहा कि आईजी ने अवैध नशे के दर्ज हुए एफआईआर में से अपने रिश्तेदार का बचाव किया। उनके समर्थकों पर पुलिस ने झूठे मुकदमे दर्ज किए है, जिन्हें अब तक रद्द नहीं किया गया। दूसरी ओर दो हजार बोतल, चार हजार पेटी अवैध शराब के साथ रंगे हाथ पकड़े आरोपियों का नाम एफआईआर में दर्ज होने के बाद एफआईआर ही खारिज कर दी गई। 

विज्ञापन

वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल
स्टेज पर जब कुलबीर अपनी ही सरकार को घेर रहे थे तो फिरोजपुर शहरी के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने बीच में उन्हें रोकने की कोशिश भी की, लेकिन जीरा नहीं माने और अपनी बात जारी रखी। कुलबीर जिस समय बोल रहे थे, उस समय पूरा पंडाल शांत होकर उन्हें सुन रहा था, स्टेज पर बैठे पुलिस अधिकारी और वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल शांत थे।

कांग्रेसी विधायक बोलीं, प्रदेश में जंगलराज
कुलबीर से पहले फिरोजपुर देहाती की कांग्रेसी विधायक सतकार कौर गहरी ने भी अपने भाषण में गांवों के विकास कार्यों से वंचित होने की बात उठाई। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश सरकार के कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि यहां तो थानेदार की पत्नी भी सुरक्षित नहीं है, कानून-व्यवस्था के नाम पर जंगलराज है। 

कमेंट नहीं करना चाहता : मनप्रीत 
दोनों कांग्रेसी विधायकों द्वारा अपने ही सरकार और पुलिस के आला अधिकारियों को कठघरे में खड़े किए जाने के सवाल पर वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि वह इस पर कुछ भी कमेंट नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि भाषण से पहले कुलबीर सिंह जीरा उनके पास बैठे थे, लेकिन उन्होंने अपनी नाराजगी के बारे में कुछ नहीं बताया।

डीए की किस्त जल्द होगी जारी : मनप्रीत 
इससे पहले वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि पंजाब सरकार जल्द ही डीए की किस्त मुलाजिमों को देगी। पंजाब पर मौजूदा समय में सवा दो लाख करोड़ का कर्ज है। यह सारा कर्ज अकाली सरकार के समय का है। पंजाब में वीआईपी कल्चर पूरी तरह खत्म हो चुका है। इस सवाल पर वित्तमंत्री कोई खास जवाब नहीं दे सके। इतना ही कहा कि वह अपनी कार खुद चलाकर लाए हैं और डीजल भी अपने पैसों का डलवाया है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें