महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज को शिकायत सौंपी है। कुंडू ने इस बार विज को साक्ष्य भी सौंपे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि अब तक उन्हें जो साक्ष्य मिले हैं उसमें तत्कालीन मंत्री ने तीन गुना पैसों पर एसटीपी प्लांट लगाकर घोटाला किया है। अनिल विज ने उनकी शिकायत पर जांच का आश्वासन दिया है।
कुंडू ने आरोप लगाया कि करनाल की जिस एजेंसी ने एक जिले में 27 करोड़ रुपये का एसटीपी प्लांट लगाया था। उसी कंपनी का रोहतक और सोनीपत में एसटीपी प्लांट लगाने के लिए 72 करोड़ रुपये का कैसे टेंडर किया गया। यहां पत्रकारों से बातचीत में कुंडू ने कहा कि मैंने सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया है और जनता का प्रतिनिधि होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है कि जो भी घोटाले हुए हैं। उसकी जांच कराई जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी पैसों का जहां भी दुरुपयोग हुआ है उसके खिलाफ आवाज उठाना मेरा कर्तव्य है। कुंडू ने कहा कि निकाय मंत्री अनिल विज को मैने जो शिकायत दी है उसमें पूरे कागजात और साक्ष्य हैं।
कुंडू ने कहा कि पूर्व मंत्री ग्रोवर के इशारे पर ही मेरे खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है और शिकायत देने वाला व्यक्ति ग्रोवर का मोहरा बना हुआ है। इस दौरान कुंडू ने कहा कि गृहमंत्री अनिल विज प्रदेश की एक उम्मीद हैं। उन्हें यकीन है कि सभी शिकायतों को वह निष्पक्ष तरीके से जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करेंगे। कुंडू ने कहा कि अगले सप्ताह मैं गृह विभाग से संबंधित शिकायत दूंगा जिसमें कई तरह की खामियां सामने आएंगी।