केंद्र सरकार के मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बड़ा सरकारी तोहफा दिया है।
एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर गैस देने में आनाकानी करे या अभद्र व्यवहार करे तो अब आप इसकी शिकायत ‘डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट माइ एलपीजी डॉट इन’ पर कर उच्च अधिकारियों तक पहुंचा सकते है।
मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने अपनी पोर्टल पर यह सुविधा मुहैया कराई है। इसके अलावा आप अपनी मनचाही एजेंसी में भी अपना कनेक्शन ट्रांसफर करा सकते है वह भी नि:शुल्क।
अक्सर एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को गैस के लिए चक्कर काटने पड़ते है। अनेक दफा गैस होने के बावजूद उपभोक्ताओं को टरका दिया जाता है। इतना ही नहीं कुछ गैस एजेंसी संचालक किसी का सब्सिडी सिलेंडर किसी को बेचकर मुनाफा कमाते है। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अब इन समस्याओं के समाधान के लिए मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने एक पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल पर किसी भी एजेंसी की पूरी जानकारी ले सकते हैं। इसके अलावा गैस नहीं मिलने की सूरत में डिस्ट्रीब्यूटर की शिकायत भी कर सकता है।