जूनियर कोच यौन शोषण मामले में फंसे हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह शनिवार को जिला अदालत में पेश हुए और शिकायतकर्ता की ओर से दायर अर्जियों पर लिखित जवाब दायर किया। वहीं, यूटी पुलिस ने पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में आरोपियों पर की गई कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट अदालत में दाखिल की। मामले की अगली सुनवाई दो दिसंबर होगी।
गौरतलब है कि 10 अक्तूबर को मामले की सुनवाई के दौरान पीड़िता के वकील समीर सेठी और दिपांशु बंसल ने अदालत में अलग-अलग पांच अर्जियां दायर की थी। शिकायतकर्ता पक्ष ने पीड़िता की पहचान उजागर करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। 21 अक्तूबर को सुनवाई के दौरान अदालत ने जांच कर रही थाना पुलिस से मामले की स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी, जो पुलिस की तरफ से दायर की गई है।
बता दें कि 26 दिसंबर 2022 को जूनियर महिला कोच ने हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न सहित अन्य आरोप लगाते हुए चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दी थी। जांच के बाद 31 दिसंबर की रात 11 बजे सेक्टर-26 थाने में संदीप सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 342, 354, 354ए, 354बी, 506 के तहत पुलिस ने केस दर्ज किया था।
इसके बाद डीएसपी (पूर्व) पलक गोयल के सुपरविजन में मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। इसमें साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रंजीत सिंह, महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर उषा और एक महिला एसआई को शामिल किया गया था। एसआईटी की जांच के बाद संदीप सिंह के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 509 भी जोड़ी थी।