मनीमाजरा। मौलीजागरां कांप्लेक्स में दहशत का माहौल पैदा करने के लिए राजीव कॉलोनी के मिड्डा गिरोह ने वीरवार रात को जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने 15 गाड़ियों के शीशे तोड़कर उनके अंदर लगा सामान चुरा लिया।
शिकायतकर्ता आजद की शिकायत पर मौली जागरां थाना पुलिस ने मिड्डा गिरोह के सदस्य संजय उर्फ लाखन, अजय, राहुल समेत 16 युवकों पर मामला दर्ज कर लिया। वहीं शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी मौलीजागरां काम्प्लेक्स निवासी संजय उर्फ लखन, अजय उर्फ चुप्पा और विनय को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।
पुलिस के अनुसार मौलीजागरां निवासी आजद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी गाड़ी घर के पास खड़ी की थीं। देर रात उन्हें गाड़ियों के शीशे टूटने की आवाज सुनाई दी। उठकर देखा तो कई गाड़ियों के शीशे टूटने के साथ ही सामान भी चोरी हुआ देखा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटनास्थल की जांच की। जांच में पता चला कि वारदात को राजीव कॉलोनी में रहने वाले मिड्डा गिरोह (दड़ा-सट्टा करने वाले) के 16 युवकों ने अंजाम दिया है। इस पर मौलीजागरां थाना प्रभारी रोहित कुमार ने आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम बनाई। टीम ने थोड़ी देर बाद ही गिरोह के तीन सदस्य पकड़ लिए। अब पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर फरार आरोपियों की तलाश करने में लगी हुई है।