कस्टमर केयर में एडवोकेट का मोबाइल बदलने के मामले में रोहतक की सिविल लाइन थाना पुलिस ने माइक्रोमैक्स मोबाइल कंपनी के निदेशक, महाप्रबंधक और सीइओ के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
कोर्ट के निर्देश पर केस दर्ज किया गया। इस संबंध में एडवोकेट नसीब सिंह ने कोर्ट में याचिका दायर की थी। पुलिस को दी शिकायत में जिला बार एसोसिएशन के सदस्य एडवोकेट नसीब सिंह ने बताया कि उन्होंने 29 जनवरी 2015 को माइक्रोमैक्स कंपनी का एक मोबाइल खरीदा था। ऑनलाइन विज्ञापन में मोबाइल की मेमोरी 32 जीबी दर्शाई गई थी। कुछ समय बाद मोबाइल में कुछ दिक्कत हो गई।
इस पर वकील ने मोबाइल को रिपेयरिंग के लिए कंपनी के कस्टमर केयर में भेज दिया। यहां मोबाइल नहीं बदला गया। इसके बाद कंपनी के प्रबंधक व निदेशक को नोटिस भेजा गया। फिर कंपनी ने वकील को नया फ ोन भेज दिया। कुछ दिन मोबाइल प्रयोग करने पर यह मेमोरी फु ल दिखाने लगा।
जब मोबाइल मेमोरी की जांच कराई गई तो सामने आया कि उसकी मेमोरी मात्र 10 जीबी है। जबकि मोबाइल वर्जन के अनुसार मेमोरी 32 जीबी थी। इसके बाद मामला कोर्ट में चला गया।
कोर्ट के आदेश पर महाप्रबंधक विकास जैन, कस्टमर केयर सेंटर निदेशक दीपक गुप्ता और सीईओ विनीत कुमार सहित सुमित कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी केस दर्ज किया गया है।