मेट्रो से लेकर अन्य विकल्प भी सीएमपी में शामिल
चंडीगढ़ समेत ट्राइसिटी में बढ़ रहे यातायात का दबाव कम करने के लिए रेल इंडिया तकनीकी और आर्थिक सेवा (राइट्स) ने एक कंप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सीएमपी) बनाया है। इसमें मेट्रो से लेकर कई जगह फ्लाईओवर-अंडरपास बनाने, कई किमी साइकिल ट्रैक, कई बस स्टैंड, मल्टीलेवल पार्किंग समेत कई सुझाव दिए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार ट्राइसिटी में दो चरण में मेट्रो और तीन चरण में अन्य सभी काम पूरे करने हैं। मेट्रो का कुल खर्च पहले 12960 करोड़ रुपये प्रस्तावित था लेकिन हरियाणा और पंजाब सरकार के सुझाव के बाद प्रस्तावित बजट 16,509 करोड़ तक हो गया है। इसमें 60 फीसदी राशि केंद्र और 40 फीसदी चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा देंगे।
पंजाब और हरियाणा ने दिए थे ये सुझाव
पंजाब व हरियाणा ने रिपोर्ट फाइनल करने से पहले मेट्रो को लेकर अपने कुछ सुझाव भी दिए थे। पंजाब ने पड़ौल, न्यू चंडीगढ़ से सारंगपुर तक एमआरटीएस रूट को पहले चरण में शामिल करने की सिफारिश की थी, जबकि हरियाणा ने शहीद ऊधम सिंह चौक (आईएसबीटी पंचकूला) से पंचकूला एक्सटेंशन तक के कॉरिडोर को दूसरे की जगह पहले चरण में शामिल किए जाने का सुझाव दिया था।
एमआरटीएस का पहला चरण (2027 से 2037)
- सारंगपुर से आईएसबीटी पंचकूला
- रॉक गार्डन से इंडिस्ट्रयल एरिया व चंडीगढ़ एयरपोर्ट होते हुए जीरकपुर आईएसबीटी
- ग्रेन मार्केट चौक से ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-26
एमआरटीएस का दूसरा चरण (2037 से आगे)
आईएसबीटी पंचकूला से पंचकूला एक्सटेंशन
न्यू चंडीगढ़ से सारंगपुर
एयरपोर्ट चौक से माणकपुर कल्लर
आईएसबीटी जीरकपुर से आईएसबीटी पिंजौर