केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और सीएम नायब सिंह सैनी के बीच हुई बैठक
चंडीगढ़। राज्य में मेट्रो विस्तार व राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को केंद्रीय आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान विभिन्न मेट्रो रेल प्रोजेक्ट व रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजनाओं के अध्ययन को मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद सीएम नायब सिंह सैनी बताया, दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम-फरीदाबाद-जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए आरआरटीएस की संभावनाओं को तलाशा जाएगा और इसका अध्ययन किया जाएगा। दिल्ली के सराय कालेखां से करनाल तक आरआरटीएस, गुरुग्राम से बाढ़सा के एम्स तक मेट्रो लाइन को जोड़ने पर भी विचार किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा, मेट्रो को गुरुग्राम के पालम विहार से एयरपोर्ट को जोड़ने पर अध्ययन किया जाएगा और दो अलग-अलग लाइनें बिछाने पर भी संभावनाओं को तलाशा जाएगा। बहादुरगढ़ से असौदा मेट्रो लाइन का अध्ययन, बल्लभगढ़ से पलवल, गुरुग्राम के सेक्टर-9 से बाढ़सा एम्स और दिल्ली के ढांसा से बाढ़सा एम्स का अध्ययन, सराय काले खां से पानीपत तक जाने वाली आरआरटीएस को करनाल तक बढ़ाने का अध्ययन करवाया जाएगा।
गुरुग्राम से फरीदाबाद के बीच आरआरटीएस के लिए होगा अध्ययन
गुरुग्राम से फरीदाबाद के बीच मेट्रो रेल लाइन व्यावहारिकता नहीं बन पा रही है। इसलिए अब यहां पर आरआरटीएस की संभावनाएं तलाशने के लिए अध्ययन करवाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया दिल्ली के पालम एयरपोर्ट से गुरुग्राम, फरीदाबाद होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक लाइन बिछाने के लिए अध्ययन होगा। गुरुग्राम के सेक्टर-56 से पंचगांव तक की प्रस्तावित मेट्रो लाइन को बिछाने का खर्च हरियाणा सरकार की ओर से वहन किया जाएगा और इसकी परियोजना की डीपीआर प्राप्त होने के बाद मंजूरी केंद्रीय मंत्रालय की ओर से 15 दिन के भीतर दे दी जाएगी।