सेक्टर-19 की श्री सनातन धर्म सभा (रजि.) की नवनिर्वाचित कमेटी के आपसी मतभेद के बाद रविवार को प्राचीन शिव मंदिर में हुई बैठक में जमकर हंगामा हुआ।
इस बैठक में आम लोग भी थे और कमेटी के पदाधिकारी भी। माहौल इस कदर बिगड़ा कि कमेटी के पदाधिकारियों और आम लोगों के बीच जमकर बहस व धक्कामुक्की हुई और आखिरकार बैठक बिना किसी निर्णय के ही खत्म करनी पड़ी।
कमेटी के सदस्यों ने मंदिर के मौजूदा प्रधान इंद्रजीत बॉबी पर नियमों का उल्लंघन कर बैठक बुलाने और बिना किसी कारण चुनाव करवाकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया, जबकि प्रधान ने आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि डेढ़ माह से मंदिर के जनरल सेक्रेट्री से मीटिंग बुलाने की बात करने के बावजूद अनदेखी की जा रही थी। इसी वजह से आम सभा बुलानी पड़ी।
मौजूदा कमेटी का चुनाव 15 अगस्त को हुआ था। इस चुनाव के विरोध में वार्ड के पार्षद रविकांत स्वामी और अन्य लोगों ने रजिस्ट्रार फर्म एंड सोसाइटी पंचकूला के पास अपील की हुई है, लेकिन अभी तक उनकी तरफ से कोई फैसला नहीं लिया गया है। उनके आदेश पर ही सभी गल्ले खोलने पर रोक लगाई गई है।
बैठक में मंदिर के सलाहकार राज तनेजा और महासचिव चंद्रकांता सहरावत ने कहा कि बैठक बुलाने के लिए 48 घंटे का नोटिस दिया जाना चाहिए था, लेकिन मीटिंग बुलाने की जानकारी उन्हें दो घंटे पूर्व मिली।
वहीं, सेक्टरवासियों का कहना है कि दानों गुटों के बीच आपसी मतभेद के चलते मंदिर का काम प्रभावित हो रहा है।
बैठक में प्रधान इंद्रजीत बॉवी, रतनी धीमान, गीता राम, चंद्रकांता, नीलम गोस्वामी, राजकुमार, हरबंसल कौर, नरिंद्र नाथ शर्मा, मनिंद्र सिंह, राजरानी, माया, राज तनेजा, नीलम, निर्मल सिंह, कृष्ण गोयल, अंकुर गुलाटी, महावीर सहरावत, वीना कुमारी, पार्षद रविकांत स्वामी, सीमा, पंडित चांदराम भी उपस्थित थे।