फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रशासक बदनौर के साथ बैठक में पार्षदों ने कहा- मास्क नहीं पहनने वालों पर लगाएं ज्यादा जुर्माना

Wed, 19 Aug 2020 04:47 PM IST
पंचकुला ब्‍यूरो अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
वीपी सिंह बदनौर
विज्ञापन
चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने मंगलवार को शहर की सांसद व पार्षदों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक की। बैठक में प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों को लेकर पार्षदों से सुझाव मांगे गए। इसमें सभी पार्षदों को बोलने का मौका दिया गया।
विज्ञापन


पार्षदों ने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में मास्क नहीं पहनने वालों पर सख्ती की जानी चाहिए और जुर्माने को और बढ़ाना चाहिए। कई पार्षदों ने शहर के पेरी-फेरी इलाकों में आ रही समस्याओं से भी प्रशासक को अवगत कराया।

बैठक में प्रशासक ने कहा कि शहर का हर व्यक्ति इस वक्त कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहा है। ऐसे में हर जनप्रतिनिधि का रोल और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के दौर में पार्षद बेहद महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं, क्योंकि हर पार्षद अपने इलाके के लोगों के साथ जुड़ा होता है और उन्हें सीधे जनता से फीडबैक मिलता है।
विज्ञापन


प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों में कहां कमी है, इसकी भी जानकारी पार्षदों को होती है। बैठक में सांसद किरण खेर ने कहा कि कोरोना के खिलाफ चल रही जंग में शहर के नर्सिंग होम को भी शामिल किया जाना चाहिए। इससे अस्पतालों को मजबूती मिलेगी और शहर में कम पड़ रहे बेड और वेंटिलेटर की भी संख्या बढ़ेगी।
विज्ञापन

मेयर राजबाला मलिक ने रुके हुए कामों के लिए मांगा फंड

बैठक में मेयर राजबाला मलिक ने कहा कि शहर के पार्षदों ने लॉकडाउन के दौरान काफी सराहनीय काम किया है। उन्होंने प्रशासक बदनौर से कहा कि फंड की कमी की वजह से कई विकास कार्य लंबित हैं। उन्होंने इन कामों को जल्द पूरा कराने के लिए प्रशासक से फंड की मांग की। नगर निगम के पार्षदों ने अपने सुझाव देते हुए कहा कि वह प्रशासन के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार हैं।

पार्षदों ने कहा कि शहर के पेरीफेरी इलाके, कॉलोनी और गांव में खासतौर पर मास्क पहनने व सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं हो रहा है, इसलिए वहां पर ज्यादा जागरूकता फैलाने की जरूरत है। कहा कि, ऐसी स्थिति में कॉलोनियों में अगर कोरोना का संक्रमण फैला तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है।

क्वारंटीन सेंटरों में रहने वाले लोगों के लिए जारी हो हेल्पलाइन
प्रशासक के साथ बैठक में पार्षदों ने सुझाव दिया कि शहर के हर क्वारंटीन सेंटर में लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाना चाहिए, ताकि अगर उन्हें वहां पर कोई समस्या आती है तो वह इन नंबरों पर संपर्क कर सकें। पीजीआई में इलाज करा रहे लोगों की मदद के लिए भी एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाना चाहिए।

पार्षदों ने कहा कि विभिन्न राज्यों से शहर में प्रवेश करने वाले लोगों पर और सख्ती से नजर रखनी चाहिए, ताकि बाहर का संक्रमण शहर में न प्रवेश कर सके। उन्होंने कहा कि बिना मास्क शहर में घूम रहे लोगों पर और ज्यादा जुर्माना लगाना चाहिए और शहर में भिखारियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा देना चाहिए।

फिर पार्षदों के साथ हो सकती है बैठक
ऑनलाइन चल रही कक्षाओं में स्कूली बच्चों को रोजाना कोरोना वायरस के लक्षण व बचाव की जानकारी दी जाए। साथ ही उन्हें परिवार में भी इसके बारे में जागरूक करने की बात कही जाए, जैसे कई सुझाव बैठक में पार्षदों की तरफ से दिए गए। पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने शहर में 'रोको और टोको' अभियान चलाने का भी सुझाव दिया गया।

पार्षदों ने प्रशासन के कार्यों की सराहना की। बैठक में एडवाइजर मनोज परिदा समेत प्रशासन के कई अधिकारी भी उपस्थित रहे। बैठक के बाद प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सभी को आश्वासन दिया कि उन्होंने सभी के सुझाव को नोट किया है और इस पर काम किया जाएगा। आने वाले कुछ दिनों में एक बार फिर से पार्षदों के साथ बैठक होने की उम्मीद है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें