पटियाला विधानसभा हलके की पहली महिला विधायक बनकर परनीत कौर ने नया इतिहास रच दिया है। अपनी जीत को लेकर परनीत कौर काफी उत्साहित हैं।
अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि वह पटियाला के लोगों से मिले अथाह प्रेम का कर्ज उतारेंगी और उनकी सभी समस्याओं को पहल के आधार पर हल करवाएंगी।
भले ही राज्य में उनकी सरकार नहीं है, लेकिन वह लोगों की मांगों को पूरा कराने के लिए पूरा संघर्ष करेंगी। परनीत कौर की जीत पर उनके आवास स्थान मोती महल में कांग्रेसी वर्करों ने खुशी मनाई।
तय मानी जा रही थी परनीत की जीत
वोटों की गिनती शुरू होने के जैसे ही एक के बाद एक राउंड में परनीत कौर बढ़त लेती जा रही थीं, उससे उनकी जीत तय मानी जा रही थी। इसी के चलते कांग्रेसी वर्कर परनीत कौर को विजेता घोषित किए जाने से पहले ही मोती महल में मिठाई व फूलों के गुलदस्ते व हार लेकर पहुंच गए थे।
सुबह करीब सवा दस बजे जैसे ही परिणाम घोषित किया गया, परनीत कौर ने पटियाला शहरी हलके की पहली महिला विधायक बन इतिहास रच दिया। परनीत ने कहा कि पटियाला विकास के पक्ष से काफी पिछड़ा है। जगह-जगह सड़कें टूटी हैं, सीवरेज जाम हैं और वाटर सप्लाई का बुरा हाल है।
इन सारी समस्याओं को वह पहल के आधार पर हल कराएंगी। परनीत ने कहा कि अकाली दल के प्रत्याशी भगवान दास जुनेजा के बेटे गुरपाल जुनेजा की मौत से वह आहत हैं। इसलिए जीत की खुशी व्यापक स्तर पर नहीं मनाई जाएगी।
ये थे अब तक पटियाला के सरताज
साल----------पार्टी-----------------विजेता उम्मीदवार
1977-------अकाली दल----------सरदार सिंह
1980-------आईएनसी (आई)--------ब्रहम मोहिंदरा
1985--------कांग्रेस---------------ब्रहम मोहिंदरा
1992--------कांग्रेस--------------ब्रहम मोहिंदरा
1997---------अकाली दल ---------सुरजीत सिंह कोहली
2002----------कांग्रेस--------------कैप्टन अमरिंदर सिंह
2007---------कांग्रेस-----------कैप्टन अमरिंदर सिंह
2012----------कांग्रेस-------------कैप्टन अमरिंदर सिंह