चंडीगढ़। क्राइम ब्रांच ने सारंगपुर के तलवार कांप्लेक्स स्थित मेडिकल स्टोर व गोदाम में छापामार कर उसके मालिक को प्रतिबंधित दवाइयां सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित ट्रामाडोल की 4960 व अलप्राजोलम की 720 गोलियां और कोडेक्टस-टीआर कफ सिरप की 20 शीशियां बरामद की हैं। सारंगपुर थाना पुलिस ने मोहाली के गांव पड़छ निवासी 30 वर्षीय हरजीत सिंह के खिलाफ बनती धाराओं में मामला दर्ज किया। बुधवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।
क्राइम ब्रांच को मंगलवार सूचना मिली कि सारंगपुर तलवार कांप्लेक्स स्थित मेडिकल स्टोर व गोदाम में अवैध तरीके से दवा खरीदी-बेची जाती है। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर को टीम में शामिल कर क्राइम ब्रांच ने छापा मारा तो वहां पर प्रतिबंधित दवाइयां बरामद हुईं। टीम ने जब आरोपी हरजीत से दवाइयों का बिल मांगा तो वह दिखा न सका। इसके बाद टीम आरोपी को पकड़कर सारंगपुर थाने ले गई, जहां उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया। क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी देहरादून और ग्वालियर से दवा लेकर आता था और शहर में इन दवाइयों को दस गुना ज्यादा दामों पर बेचता था।