चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित कल्चर क्लब से एक युवती का बैग चोरी हो गया। बैग में रखे डेबिट कार्ड से शातिर आरोपी ने एक लाख 26 हजार रुपये निकलवा लिए। महिला की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच साइबर सेल को सौंप दी है।
रेवाड़ी निवासी उमा यादव ने बताया कि वह रेवाड़ी के एक सरकारी अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर हैं। 14 मार्च को वह अपनी ट्रेनिंग के लिए पंचकूला आई थीं और सेक्टर-6 स्थित एक हॉस्टल में रुकी थीं। 17 मार्च को वह अपनी दोस्त के साथ सेक्टर-26 स्थित कल्चर क्लब में पार्टी करने गईं। रात करीब 12 बजे जब वह क्लब से बाहर आईं तो देखा उनका पर्स गायब है। पर्स में उनका मोबाइल और डेबिट कार्ड था। 19 मार्च को उनके पिता ने रेवाड़ी में बैंक खाते की स्टेटमेंट चेक की तो 18 मार्च और 19 मार्च को डेबिट कार्ड से एक लाख 26 हजार रुपये निकले गए थे।
मामले की जांच कर रही साइबर सेल ने डेबिट कार्ड से हुई ट्रांजेक्शन की डिटेल्स खंगाली तो पता चला कि दिल्ली के आसपास के इलाके में आरोपी ने रुपये निकाले हैं। साइबर सेल का कहना है कि जांच की जा रही है कि आखिर आरोपी को डेबिट कार्ड का पासवर्ड कैसे पता चला। आशंका है कि आरोपी ने मोबाइल के जरिए पासवर्ड ढूंढ लिया हो।