अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में गणतंत्र व स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किए जाने वाले व्यक्तियों की सिफारिशों की जांच के लिए उपायुक्त जिला स्तर पर एक समिति का गठन करेंगे। यह समिति सभी आवेदनों का निरीक्षण कर उपायुक्त को सिफारिश करेगी। उपायुक्त दोनों ही समारोह के लिए अधिकतम 20 पुरस्कारों की स्वीकृति प्रदान करेंगे।
मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने सभी मंडलायुक्तों और जिला उपायुक्तों को लिखे एक पत्र में गणतंत्र दिवस व स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर सम्मान प्रदान करने के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव की ओर से जारी पत्र के मुताबिक इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिए जाने वाले पुरस्कारों की सूची को 10 अगस्त तक अंतिम रूप देना होगा। इसी प्रकार गणतंत्र दिवस समारोह के संबंध में आवेदनों की अंतिम तिथि 10 जनवरी निश्चित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद पुरस्कारों की सूची को सभी उपायुक्त मुख्य सचिव कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करेंगे। इसके बाद सभी पुरस्कार विजेताओं का पुलिस द्वारा अनिवार्य तौर पर चरित्र सत्यापन किया जाएगा।