पंजाब के ब्यास दरिया में जहरीले पानी की वजह से हजारों मछलियों के मारे जाने की खबर से प्रदेश भर में सनसनी फैल गई है। वीरवार को सुबह के समय से ही दरिया ब्यास में किनारे पर मरी और तड़पती मछलियां नजर आईं। इसके बाद तो दरिया में जलचरों के मरने की संख्या हजारों में पहुंच गई।
जिला कपूरथला के मंड एरिया में लगते दरिया ब्यास के एरिया की जांच को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया हैं। वहीं डीसी ने एडवाइजरी जारी करते हुए इन मछलियों का सेवन न करने की अपील की है। वीरवार को सुबह अचानक दरिया ब्यास के किनारे मरी मछलियों को लोगों ने देखा।
आसपास के लोगों का कहना है कि दरिया में किसी फैक्टरी ने जहरीला रसायन फेंका है। बताया जा रहा है कि यह रसायन होशियारपुर से शुरू होकर अमृतसर की ओर बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय दरिया किनारे भारी तादाद में मरी मछलियों को लोग बोरी में भरकर ले गए। लेकिन कोई भी जिला प्रशासन का अधिकारी नहीं पहुंचा था।