चंडीगढ़। शहर की मार्केट कमेटी के सभी कर्मचारी अब ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी में नजर आएंगे। कमेटी की ओर से करीब 76 कर्मचारियों के लिए ग्रे और खाकी रंग की ड्रेस सिलवाई जा रही है। बी और सी क्लास कर्मचारियों के लिए ग्रे रंग की ड्रेस तय की गई है, जबकि अन्य कर्मचारियों को खाकी रंग की वर्दी पहननी होगी। प्रत्येक ड्रेस पर मार्केट कमेटी का लोगो भी लगाया जाएगा, ताकि कर्मचारियों की पहचान आसानी से हो सके।
दरअसल, सेक्टर-26 स्थित मंडी के दौरे के दौरान पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने मार्केट कमेटी को कर्मचारियों के लिए वर्दी अनिवार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि ड्यूटी पर आने वाले सभी कर्मचारी निर्धारित ड्रेस पहनकर ही काम करें, जिससे उनकी पहचान दूर से ही की जा सके। प्रशासक के निर्देशों का पालन करते हुए मार्केट कमेटी ने कर्मचारियों के लिए वर्दी तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मार्केट कमेटी के सचिव मनोज शर्मा ने बताया कि ड्रेस का नियम लागू किया जा रहा है। वर्दी पर कमेटी का लोगो होने से कर्मचारियों की पहचान करना और भी आसान होगा।