सेक्टर-20 की बूथ मार्केट में रविवार सुबह आग लगने से तीन दुकान को काफी नुकसान हुआ। वहीं, दुकानों में रखा लाखों का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। दमकल विभाग की 10 फायर टेंडर गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने में करीब 4 घंटे लगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोज की तरह सेक्टर-20 की बूथ मार्केट का चौकीदार अपनी ड्यूटी कर रहा था। चक्कर लगाते समय एकाएक चौकीदार की नजर एक दुकान पर गई, उसने देखा कि दुकान से धुआं निकल रहा है।
उसने घटना की सूचना फौरन दुकान के मालिक को दी। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे दुकान मालिक गुलशन कुमार ने जब अपनी दुकान खोली, तो उसमें से धुआं निकल रहा था।
देखते ही देखते दुकान में आग की लपटें उठने लगी। गुलशन कुमार ने करीब 4 बजे घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। 15 मिनट के अंदर आग ने साथ की दो और दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
विधायक ने घटनास्थल का लिया जायजा
दुकान में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
आग से मार्केट की दुकान नंबर 190, 191 और दुकान नंबर 192 में रखा बुरी तरह जल गईं। दुकान नंबर-190 के मालिक राकेश ने बताया कि दुकान में रखी करीब 15 से 20 लाख रुपये की दवाईयां जल गई हैं, 191 के गुलशन कुमार ने कहा कि उनका 30 से 40 लाख का सामान आग से जलकर नष्ट हो गया है।
वहीं दुकाना नंबर 192 के मालिक प्रकाश ने बताया कि ड्रायक्लीनिंग की दुकान में रखा 15 से 20 लाख रुपये का सामान जल गया है। सभी पीड़ितों ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
विधायक ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना पाकर पंचकूला के विधायक ज्ञान चंद गुप्ता सेक्टर-20 के बूथों में जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने उपायुक्त, तहसीलदार व फायर ब्रिगेड के अधिकारियों को फोन कर स्थिति के बारे में जानकारी ली।
विधायक ने दुकानदारों से कहा कि दुकानों में रखे सामानों की इन्श्योरेंस व अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज 6 फरवरी को उन्हें सौंपें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी प्राथमिक आधार पर जांच रिपोर्ट तैयार करेगा। दुकानदारों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि वह हरियाणा के मुख्यमंत्री से आग्रह कर पीड़ित दुकानदारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएंगे।