कई नेता पंजाब लोक कांग्रेस में शामिल।
- फोटो : @capt_amarinder
कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस में नेताओं का आना जारी है। मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व सांसद अमरीक सिंह अलीवाल, पूर्व विधायक हरजिंदर सिंह ठेकेदार, प्रेम मित्तल, फरजाना आलम और राजविंदर कौर भगीके और कुछ अन्य नेताओं ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस का दामन थामा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि आज पंजाब लोक कांग्रेस में कई प्रमुख पंजाबियों का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है।
चन्नी को सिद्धू के किया अपने अधीन: कैप्टन
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को काबिलियत के बाद भी नवजोत सिद्धू की जिद के कारण कांग्रेस में दबाया जा रहा है। लगता है कि अब वह पार्टी में सिर्फ रात के पहरेदार बनकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से नवजोत सिद्धू को चुनाव समिति का अध्यक्ष नियुक्त कर मुख्यमंत्री को उनके अधीन कर दिया गया है।
पार्टी आलाकमान का यह फैसला उनकी समझ से परे है। कैप्टन ने कहा कि चन्नी को इस तरह के अपमान का सामना करने के बजाय इस्तीफा दे देना चाहिए। सिद्धू की ब्लैकमेलिंग के आगे झुककर कांग्रेस मुख्यमंत्री का अपमान कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस पार्टी मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के साथ व्यवहार कर रही है, उससे उन्हें चन्नी के प्रति दुख और कांग्रेस से घृणा महसूस होती है।