इनाम की टिकट दिखाते हुए लाटरी विक्रेता तरसेम शर्मा, महंत नजीर खान व अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
पेशे से महंत व गायक मानसा वासी ट्रांसजेंडर नजीर खान पर लक्ष्मी की कृपा हो गई। पंजाब सरकार के दीवाली बंपर के टिकट में उसका डेढ़ करोड़ रुपये का पहला इनाम निकला।
बुधवार को पंजाब सरकार की ओर से निकाले गए लॉटरी ड्रॉ में उसका लाटरी नंबर बी-943117 निकला है। गरीब परिवार से संबंध रखने वाले महंत नजीर खान ने यह लाटरी तीसरी बार डाली थी। नजीर खान का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि एक दिन उन पर जरूर अल्लाह की कृपा होगी।
बातचीत में नजीर खान ने बताया कि वह पहले अपनी कमाई से तीन गरीब लड़कियों का विवाह कर चुके हैं। शायद यही कारण है कि खुदा ने उन्हें यह इनाम बख्शा है। यह पैसा भी वह गरीब लड़कियों की पढ़ाई पर खर्च करेंगे। पेशे से ड्राइवर नजीर खान महंत शादियों व अन्य शुभ समारोह मेें बधाई लेने भी जाता है।
पांच दिन पहले ही खरीदा था टिकट
नजीर खान ने बताया कि करीब पांच दिन पहले जब वह मानसा के शहीद ऊधम सिंह टैक्सी स्टैंड में अपनी गाड़ी लेकर खड़ा था तो उसके पास टिकट बेचने के लिए एक लॉटरी वाला आया और उसे टिकट खरीदने के लिए कहा। पहले तो उसने मना कर दिया, लेकिन बाद में मन में आया तो लॉटरी की टिकट खरीद ली। डेढ़ करोड़ रुपये का लाटरी लगने के बाद नजीर को हर तरफ से बधाई संदेश मिल रहे हैं। नजीर ने यह टिकट मानसा के लाटरी विक्रेता तरसेम शर्मा से खरीदी थी।