करनाल के सांसद अश्वनी चोपड़ा अच्छे सांसद और मेरे अच्छे मित्र हैं। मेरे इर्द-गिर्द कौन लोग हैं, मुझे पता है। सभी लोग सरकार के नुमाइंदे है, जिनको जनता ने चुना है। इनमें से मेरे सहित 47 में से 38 पहली बार चुनकर आए हैं। ये सभी जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है।
चोपड़ा की ओर से खट्टर सरकार पर की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को टोहाना और करनाल में यह बात कही। खट्टर ने कहा चोपड़ा अच्छे सांसद हैं और मेरे अच्छे मित्र हैं, वे अच्छा कार्य कर रहे हैं। उनके बयानों को अन्यथा नहीं लेना चाहिए, उन्हें ठीक संदर्भ में लें। केंद्र के कार्यों को देखने के अपने बयान पर सीएम ने कहा कि क्योंकि सांसद केंद्र से हैं तो इसलिए ऐसा कहा। सीएम बोले,चोपड़ा अच्छे कार्य कर रहे हैं और अच्छे कार्य ही करते रहें तो अच्छा रहेगा।
प्रदेश सरकार और खुद के कार्यों के सवाल पर सीएम ने कहा कि वे अपने कार्यों और कार्यकाल से संतुष्ट हैं। प्रदेश सरकार सही दिशा में काम कर रही है। भ्रष्टाचार समाप्त करना और प्रदेश के लोगों को अच्छी सुविधाएं प्रदान करना ही हमारा लक्ष्य है। सांसद के साथ चल रही तल्खबाजी पर सीएम ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। इन बातों को गलत तरीके से पेश किया जाता है।