प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का अनुसरण करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के क्लास-वन अफसरों को एक-एक गांव गोद लेने का निर्देश दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पीएम मोदी सांसदों के एक-एक गांव गोद लेने का निर्देश दे चुके हैं।
सोमवार को हरियाणा भवन में सभी जिला उपायुक्तों और एसपी के साथ अपनी पहली बैठक में मुख्यमंत्री खट्टर ने साफ कर दिया कि बदल चुके राजनीतिक माहौल में अफसरशाही को बदले ढंग से काम करके दिखाना होगा। लेटलतीफी और अफसरशाही की पुरानी चाल नए शासन में नहीं चलेगी।
कैम्प कार्यालय में बैठकर काम नहीं करेंगे अफसर
मुख्यमंत्री ने सभी जिला आयुक्तों और एसपी से कहा कि वे जनता के बीच सरकार के असली चेहरे हैं। लिहाजा उन्हें तय समय सीमा में परिणाम देने होंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि एक माह के भीतर लोगों में यह मैसेज पहुंचना चाहिए कि जनता के काम सरकार के लिए सर्वोपरि हैं।
उन्होंने क्लास वन अधिकारियों को सांसदों की तर्ज पर एक -एक गांव गोद लेने को कहा। इन गांवों में अधिकारी स्वयं भी एक सप्ताह या पंद्रह दिन में चक्कर लगाएं, ताकि प्रदेश के गांवों की तस्वीर बदल सके। खट्टर ने कैंप कार्यालय में बैठने वाले अधिकारियों के लिए सख्त हिदायतें जारी करते हुए कहा कि अधिकारी अब कैंप कार्यालय में बैठकर काम नहीं करेंगे।
समय की पाबंदी सरकार के लिए अहम है, लिहाजा अधिकारियों को समय पर कार्यालय आना होगा। बिना किसी औपचारिकता के अफसरों को रिजल्ट दिखाना होगा। अधिकारियों की छवि जनता के बीच पहले जैसी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में सीएम ने दिए निर्देश
अफसरशाही की पुरानी चाल नए शासन में नहीं चलेगीअधिकारियों को तय समय सीमा में करने होंगे जनता के कामअफसरों को कैंप कार्यालय में बैठकर काम करने पर लगाई रोकडीसी-एसपी को रोजाना 11-12 बजे तक आफिस में बैठना होगाडीसी-एसपी हर महीने 8 गांवों का दौरा करें, विकास का जायजा लेंगेआधार कार्ड में शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने वाले जिले पुरस्कृत होंगे
3000 गांवों का हो जाएगा कायाकल्प
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के 21 जिलो में 6000 से ज्यादा गांव हैं। क्लास वन अधिकारियों में जिले के एसएमओ, डीईओ और एसडीओ से लेकर डीएसपी स्तर तक के अधिकारी आते हैं।
यदि सभी क्लास वन अधिकारी एक-एक गांव गोद लेते हैं तो 3000 से ज्यादा गांवों के हालात सुधर जाएंगे। हालांकि अभी इस बात पर मंथन चल रहा है कि इस योजना को अमली जामा कैसे पहनाया जाए।
जनता के लिए जल्द शुरू होगा पोर्टल
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की जनता को अपनी समस्याओं के संबंध में चंडीगढ़ न आना पडे़ और उनकी समस्याओं का संबंधित जिला केंद्रों पर ही समाधान निकाल सके, इसके लिए एक पोर्टल की शुरूआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडों को पायलट प्रोजैक्ट के तौर पर शुरू किया जाएगा और उम्मीद है कि 25 दिसंबर तक इस पर कार्य कर लिया जाएगा।
वाजपेयी का जन्म दिन ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन 25 दिसंबर को हरियाणा सरकार सुशासन दिवस के रूप में मनाने जा रही है। इस मौके पर सरकार की ओर से कई नई योजनाओं की घोषणा की जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को सभी जिला उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों की बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ हुई बैठक के आधार पर अगले माह भी कुछ घोषणाएं की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एक माह में आठ गांवों का दौरा करें और वहां सरकारी योजनाओं के संबंध में जुड़ी जानकारी लें ताकि लोगों को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि शिकायत सेल स्थापित किया गया है, जिसके तहत सीएम विंडों पर अधिकारियों से बैठक में विचार-विमर्श किया गया और इस बारे में एक प्रस्तुति भी दिखाई गई है, जिसे जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा।