चंडीगढ़ की नई एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी मनीषा चौधरी।
- फोटो : अमर उजाला
पानीपत के भाजपा नेता की मौत मामले में विवादों में घिरी हरियाणा कैडर की मनीषा चौधरी ने मंगलवार को चंडीगढ़ की पहली महिला एसएसपी ट्रैफिक एंड सिक्योरिटी का पद संभाल लिया।
हरियाणा कैडर की 2011 बैच की आइपीएस मनीषा चौधरी पानीपत में सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस तैनात थी। वे फिलहाल पानीपत के पूर्व पार्षद हरीश की मौत के विवाद में घिरी हुई हैं। उनके चंडीगढ़ में एसएसपी यातायात का पद संभालने की राह में यह विवाद रोड़ा बन गया था लेकिन मंगलवार सुबह उन्होंने सेक्टर नौ स्थित चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय में पदभार संभाल लिया है।
पदभार ग्रहण करने के दौरान आला अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। 2006 बैच के आईपीएस शशांक आनंद को 29 जुलाई को तीन वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के बाद चंडीगढ़ से रिलीव कर दिया गया था। वर्तमान में ट्रैफिक एसएसपी का चार्ज हेडक्वार्टर और क्राइम ब्रांच आईपीएस मनोज कुमार मीणा को दिया गया है।
चंडीगढ़ में ट्रैफिक एसएसपी का पद हरियाणा कैडर के अधिकारी के लिए सुरक्षित रखा जाता है। इसलिए बीते दिनों हरियाणा सरकार की तरफ से तीन नाम भेजे गए थे, इनमें 2010 बैच के आईपीएस सुरेंदर पाल सिंह, 2011 बैच के आईपीएस वीरेंदर सिंह और मनीषा चौधरी शामिल का नाम शामिल था। इन तीनों अफसरों में से यूटी प्रशासन ने मनीषा चौधरी का नाम फाइनल कर गृह मंत्रालय को भेजा।
2011 बैच की आईपीएस मनीषा चौधरी वर्तमान में पानीपत में सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस के पद पर तैनात थी। मनीषा चौधरी हिसार सहित कई जिलों में एसपी रह चुकी हैं।