पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।
- फोटो : एएनआई
पंजाब में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू है। सोमवार को सीएम भगवंत मान ने डीजीपी को पड़ोसी राज्यों से पंजाब में गेहूं की गैर-कानूनी ढुलाई पर रोक लगाने व चौकसी तेज करने को कहा। उन्होंने कहा कि कई व्यापारी गेहूं को राज्य की मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए चोरी-छिपे लाते हैं।
मान ने डीजीपी से कहा कि वह सीजन के अंत तक इन नाकों पर 24 घंटे वीडियोग्राफी टीमें तैनात करें। इस संबंध में डीजीपी वीके भावरा ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य में 132 पुलिस नाके हैं। इनमें 86 अंतरराज्यीय है। इनमें कुल 1150 पुलिस मुलाजिम तैनात हैं। पूरी निगरानी एडीजीपी स्तर के अधिकारी एमएफ फारूकी कर रहे हैं। सभी जिलों में एसपी और डीएसपी रैंक के सीनियर पुलिस अधिकारियों को इस कार्य में लगाया गया है। गेहूं खरीद की संक्षिप्त जानकारी देते हुए सचिव (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) गुरकिरत किरपाल सिंह ने बताया कि कृषि विभाग के अनुमान के अनुसार 135 लाख टन गेहूं के लिए पहले ही पुख्ता प्रबंध किए जा चुके हैं।
विशेष कंट्रोल रूम स्थापित
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर मंडी बोर्ड के मोहाली मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इससे किसानों व आढ़तियों की समस्याओं को तत्काल हल किया जाएगा। किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने की वचनबद्धता को दोहराते सीएम भगवंत मान ने कहा कि गेहूं की निर्विघ्न खरीद के लिए उचित बंदोबस्त पहले ही किए जा चुके हैं और इस संबंध में डिप्टी कमिश्नरों और खरीद एजेंसियों को जरूरी हिदायतें भी जारी की जा चुकी हैं। प्रवक्ता ने बताया कि मंडी बोर्ड और खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के कर्मचारी सुबह 8 से रात 8 बजे तक कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे। किसान और आढ़ती फोन नंबर
0172-5101659, 5101643, 5101605 और
5101650 पर संपर्क कर सकते हैं।