पटियाला में पत्नी के संबंधों से परेशान होकर एक युवक ने घर के बाहर ही जहरीली चीज खाकर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपनी बुआ की लड़की को भेजा, जिसमें उसने पत्नी के अवैध संबंधों से तंग आने की बात कही थी। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने आरोपी महिला को नामजद कर लिया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
संदीप सिंह निवासी मोहाली ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसके बड़े भाई बलविंदर सिंह (48) की शादी साल 2004 में मनदीप कौर निवासी मोहाली हाल किरायेदार सिद्धू कालोनी पटियाला के साथ हुई थी। मनदीप कौर लांडरां के एक कालेज में प्राइवेट नौकरी करती थी, जहां उसके किसी के साथ संबंध बन गए थे। बलविंदर सिंह ने इसका विरोध किया, तो मनदीप कौर अपने बच्चों के साथ मायके चली गई। करीब एक साल से वह पटियाला की सिद्धू कालोनी में किराये पर मकान लेकर रह रही थी। कुछ समय पहले बलविंदर सिंह को उसने समझौता करके अपने पास बुला लिया था।
बलविंदर सिंह अपनी पत्नी के अवैध संबंधों से काफी दुखी था। मंगलवार देर शाम बलविंदर सिंह ने एक वीडियो बनाकर अपनी बुआ की लड़की को भेजा, जिसमें उसने कहा कि वह पत्नी मनदीप कौर से तंग आकर घर के गेट के आगे कोई जहरीली चीज खाकर आत्महत्या करने जा रहा है। बाद में उसने फोन बंद कर लिया। कुछ देर बाद बलविंदर सिंह की मौत की खबर मिली। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी को नामजद कर लिया है, लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एक पुलिस मुलाजिम पर भी अपमानित व मारपीट करने के आरोप
मृतक के भाई संदीप सिंह ने आरोप लगाया है कि बलविंदर सिंह की ओर से बुआ की लड़की को भेजे वीडियो में एक पुलिस मुलाजिम पर भी उसे अपमानित करने व मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं। लेकिन पुलिस ने एफआईआर में न तो उक्त पुलिस मुलाजिम और न ही पत्नी के प्रेमी को नामजद किया है। इसलिए एसएसपी को लिखित में आवेदन देकर एफआईआर में इन दोनों का नाम डालने की मांग की गई है। वहीं पुलिस ने इन आरोपों को निराधार बताते कहा है कि शिकायत मिली थी कि बलविंदर सिंह अपनी पत्नी पर शक करता है और उसे मारपीट करता है। जिसके आधार पर पुलिस मौके पर गई थी।