लुधियाना के इस्लामगंज इलाके में पत्नी से झगड़ा करने के बाद एक व्यक्ति ने अपने सीने में चाकू मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक अमरनाथ यादव (25) की पत्नी अपनी बहन से फोन पर बात कर रही थी। इसी का वह विरोध कर रहा था जिसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई थी। इसके बाद अमरनाथ ने आत्मघाती कदम उठाया।
सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन दो की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
थाना डिवीजन दो की एसएचओ सब इंस्पेक्टर मनप्रीत कौर ने बताया कि अमरनाथ इलाके में ही एक हलवाई की दुकान पर काम करता था। उसकी पत्नी अक्सर अपने मायके या फिर बहन से फोन पर काफी समय तक बातें करती रहती थी। अमरनाथ को इस बात से दिक्कत होती थी, जिस कारण दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
शुक्रवार की रात को भी अमरनाथ काम पर से वापस आया तो उसकी पत्नी सोनी अपनी बहन से बात कर रही थी। अमरनाथ ने उसे बात करते हुए देखकर विरोध किया। इस बात को लेकर दोनों में फिर से कहासुनी हो गई। अमरनाथ ने पत्नी को कुछ कहने के बजाय वहां पड़ा चाकू अपने ही सीने में उतार लिया। इससे खून से लथपथ होकर उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब बहन से बात करने के बाद सोनी अंदर आई तो पति को मृत देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद वह आसपास के लोगों के साथ मिलकर उसे अस्पताल ले गई, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। सब इंस्पेक्टर मनप्रीत कौर ने बताया कि बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार को सौंप दिया है।