पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को एक युवक ने फोन कर कहा कि वह बलौंगी से बोल रहा है। उसने जहर खा लिया है, पुलिस आकर उसे बचा ले। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और युवक को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत ज्यादा नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। युवक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक देखने में करीब साल का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने 100 नंबर पर कॉल कर कहा कि उसने जहर खा लिया है। वह इस दौरान बलौंगी की एक कॉलोनी में खड़ा है। इसके बाद पुलिस मौके की ओर रवाना हो गई, लेकिन युवक को तलाशने में काफी परेशानी हुई। पुलिस जब वहां पहुंची तो युवक सड़क पर बेसुध हालत में पड़ा था। उसके पास से कई लोग गुजर रहे थे, लेकिन किसी ने उसे उठाने की कोशिश नहीं की। पुलिस ने युवक को लेकर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, वहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक अभी बात करने की स्थिति में नहीं है।
कोई डॉक्यूमेंट नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक, जहर खाने वाले युवक के पास से कोई डाक्यूमेंट नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान व उसके घर का पता चल सके। बस उन्हें इतना ही पता चला है कि उसका नाम लाडी है। युवक के होश में आने के बाद ही पता चल पाएगा कि वह कौन है। साथ ही उसने किस वजह से जहर खाया।