न्यू जनता नगर इलाके में किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति ने किराया न देकर मकान मालिक को चिट्ठी थमा दी। जब चिट्ठी खोलकर देखा तो लिखा था कि बच्चे की सलामती चाहते हो तो 50 हजार रुपये दो।
चिट्ठी पकड़ाकर आरोपी वहां से फरार हो गया। मकान मालिक ने इसकी जानकारी थाना शिमलापुरी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद न्यू जनता नगर निवासी सरबप्रीत सिंह की शिकायत पर उसके किराएदार मंजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
सरप्रीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इंश्योरेंस एजेंट का काम करता है। उसके घर के साथ ही एक मकान में आरोपी मंजीत किराए पर रहता है। सात मार्च को आरोपी ने उन्हें एक चिट्ठी दी। उस पर पर सोढी लिखा था। चिट्ठी खोलने से पहले ही आरोपी वहां से निकल गया और बोला कि उसे जरूरी काम है। जब सरबप्रीत ने चिट्ठी खोली तो उसमें लिखा था कि बच्चे से प्यार है तो एक से तीन बजे के बीच 50 हजार रुपये भिजवा दो।
आरोपी ने लिखा कि पैसे बसंत पार्क के अंदर घुसते ही साथ बनी सीट पर बैग में डालकर रखे दे और वहां से निकल जाए। आरोपी ने धमकी भी दी कि अगर पुलिस को सूचना दी तो बच्चे का नुकसान होगा। जब सरबप्रीत ने चिट्ठी पढ़ी तो उसे शक हुआ कि यह चिट्ठी मंजीत की लिखी है।
पिछले महीने आरोपी मंजीत ने सरबप्रीत को किराया देने के लिए चेक दिया था। उसकी लिखाई और चिट्ठी पर लिखाई मिलती जुलती थी। इसके बाद सरबप्रीत ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच की तो आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।