चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कारपोरेशन (सिटको) ने सेक्टर-10 स्थित अपने आउटलेट की आवंटन प्रक्रिया नए सिरे से शुरू कर दी है। इस आउटलेट के बंद होने की वजह से सिटको को लाखों का घाटा हो चुका है। ऐसे में किराए पर देने के लिए सिटको ने नया टेंडर जारी कर इच्छुक कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। 13 दिसंबर तक इच्छुक कंपनियां आवेदन कर सकती हैं।
पहले इस आउटलेट को चला रही असमी इंडस्ट्रीज ने घाटा होने का हवाला देकर कुछ महीने पहले आउटलेट चलाने में असमर्थता जाहिर कर दी थी। कंपनी ने इसे सरेंडर करने के लिए अगस्त का समय दिया था, इसलिए सिटको ने जुलाई-अगस्त महीने में भी स्टॉप एंड स्टेयर-10 आउटलेट को किराए पर देने के लिए टेंडर किया था लेकिन कंपनियों ने खास रुचि नहीं दिखाई, इसलिए सिटको ने अब फिर नया टेंडर जारी किया है।
ये आउटलेट सेक्टर-10 स्थित म्यूजियम व आर्ट गैलरी के दूसरी तरफ मौजूद है। सिटको को इससे हर महीने एक से डेढ़ लाख रुपये तक का किराया मिलता था, लेकिन बंद होने की वजह से सिटको को घाटा हो रहा है। सिटको ने वर्ष 2018 में इस आउटलेट को निजी हाथों में देने की तैयारी शुरू की थी। इससे पहले सिटको खुद ही इस आउटलेट को चला रहा था। सिटको का ये आउटलेट प्राइम लोकेशन पर है, जहां पर युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है। लाइट स्नैक्स, सॉफ्ट ड्रिंक, कॉफी, चाय, पराठा, राजमा-चावल और चना-कुलचा के लिए पहले ये आउटलेट प्रसिद्ध रहा है। तब कर्मचारियों ने आउटलेट को निजी हाथों में देने का विरोध किया था। बावजूद इसके विभाग ने इसे चलाने का काम निजी कंपनी को दे दिया था। कंपनी के काम सरेंडर करने के बाद अब सिटको ने 13 दिसंबर तक इच्छुक एजेंसियों से आवेदन मांगा है।