एनसीआर में पड़ने वाली हरियाणा की हॉट सीट गुड़गांव पर यादव और मेव वोटरों का ध्रुवीकरण उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेगा। इस लोकसभा क्षेत्र में मेव समुदाय के 3 लाख 10 हजार और यादव समुदाय के 3 लाख 53 हजार मतदाता हैं।
गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र में यादव बाहुल्य के रेवाड़ी, बावल, पटौदी, बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र पड़ते हैं जबकि मेव बाहुल्य पुन्हाना, फिरोजपुर झिरका और नूंह विधानसभे क्षेत्र पड़ते हैं। गुड़गांव और सोहना शहरी विधानसभा क्षेत्र हैं।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के धुर विरोधी और कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा-हजकां गठबंधन से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे गुड़गांव के सांसद राव इंद्रजीत सिंह के लिए यह सीट अहम हो गई है।
मगर वे यादव समुदाय से संबंधित हैं तो कांग्रेस ने भी यादव समुदाय से राव धर्मपाल को मैदान में उतारकर राव इंद्रजीत का रास्ता रोकने का प्रयास किया है।
'आप' के योगेंद्र यादव रखते हैं असर
आम आदमी पार्टी के योगेंद्र यादव भी यादव समुदाय के हैं और गुड़गांव में आम आदमी पार्टी का भी कुछ हद तक असर है। इनेलो ने जातीय और समुदाय समीकरण के चलते मुस्लिम समुदाय के जाकिर हुसैन को मैदान में उतारा है, इसलिए मेव और यादव समुदाय के वोटरों का ध्रुवीकरण होने की संभावना है।
बसपा के धर्मपाल राठी भी मैदान में डटे हैं। वैसे इस सीट पर यादव और मेव वोटरों के अलावा पंजाबी समुदाय के 1,40,000, ब्राह्मण समुदाय के 78,000, राजपूत समुदाय के 75,000 और जाट समुदाय के 1,36,000 मतदाताओं का झुकाव भी किसी उम्मीदवार की जीत-हार के लिए महत्वपूर्ण है।
सबसे ज्यादा वोटर हैं यहां
अनुसूचित जाति बी के करीब दो लाख और अनुसूचित जाति ए के करीब 52,000 वोटरों पर इनेलो, भाजपा, कांग्रेस और आप पार्टी की निगाह टिकी हुई है। पिछड़ी श्रेणी ए के करीब 2,86,000 वोटरों को रिझाने के लिए सब उम्मीदवार लगे हुए हैं। जिनमें गुर्जर समुदाय के 74,000 वोट शामिल हैं। हरियाणा में सबसे ज्यादा वोटर 18,44,908 गुड़गांव लोकसभा में हैं।
यह है गुड़गांव के वोटरों का जातीय समीकरण
मेव--------------------3,53,000
यादव--------------------3,10,000
अनुसूचित जाति बी----------1,81,000
पंजाबी--------------------1,40,000
जाट--------------------1,36,000
वाल्मीकि--------------------52,000
ब्राह्मण--------------------78,000
धानक--------------------19,000
ये जातियां भी हैं गुड़गांव में
गुर्जर--------------------74,000
खाती--------------------32,000
कुम्हार--------------------43,000
वैश्य--------------------48,000
नाई--------------------25,000
अन्य पिछड़ा वर्ग ---------59,000
अन्य सामान्य-------------32,000
अन्य अनुसूचित------------15,000
राजपूत--------------------75,000
सैनी--------------------43,000
सिख, जट सिख-----------11,000
सुनार--------------------10,000