भाजपा के बढ़ते जनाधार से कांग्रेस इतना घबरा गई कि वह सांसद किरण खेर की शिकायत लेकर निर्वाचन आयोग पहुंच गई। प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन और मेयर राजेश कालिया की शिकायत भी लगाई गई है। कांग्रेस ने आदर्श चुनाव आचार संहिता को लेकर एक बार फिर भाजपा के बड़े नेताओं की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है।
शनिवार को कांग्रेस के महासचिव विनोद शर्मा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन, सांसद किरण खेर और मेयर राजेश कालिया की शिकायत निर्वाचन कार्यालय में की है। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मंदीप सिंह बराड़ को भेजी शिकायत में बताया गया है कि यह तीनों नेता लगातार चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं।
सांसद किरण खेर द्वारा चंडीगढ़ क्लब में शनिवार शाम किए गए एक कार्यक्रम का हवाला देते हुए कांग्रेस के महासचिव ने कहा है कि इस अवार्ड फंक्शन में सांसद किरण खेर और मेयर राजेश कालिया ने शिरकत की, जो सरेआम चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। अगर भाजपा नेता इस तरह के कार्यक्रमों में शिरकत करते हैं तो ऐसे प्रोग्राम और आगे होने वाले इस तरह के अन्य प्रोग्रामों का खर्च भाजपा के उम्मीदवार के खाते में जोड़ा जाए।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन भी ‘टी विद संजय टंडन’ नाम से एक कार्यक्रम चला रहे हैं। कांग्रेस ने शिकायत में बताया कि इन मीटिंगों में बड़ी तादाद में लोग पहुंच भी रहे हैं। यहां पिलाई जाने वाली कॉफी और चाय पर भाजपा बड़ा पैसा खर्च कर रही है।