अमर उजाला मतदाता जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों में बुधवार को स्कूली बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मोहाली के 20 से ज्यादा स्कूलों के 10,000 स्कूली बच्चों ने 50,000 से ज्यादा लोगों को प्रेरित करने की शपथ ली। मुख्य कार्यक्रम फेज-10 स्थित मानव मंगल स्कूल में आयोजित किया गया। इसमें पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एस करुणा राजू ने चुनाव प्रक्रिया के बारे में बच्चों को जानकारी दी।
कार्यक्रम में ट्रैफिक नियमों के बारे में पूरे देश में जागरूकता फैला रहे हरमन सिंह संधू ने दिव्यांग वोटर्स के लिए विशेष तौर पर पोलिंग बूथों पर किए गए इंतजामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हम अपने फायदे के लिए असुविधा होने के बावजूद प्रयास करते हैं तो फिर हर प्रकार की सुविधा मिलने पर मतदान क्यों न करें। चंडीगढ़ के सेक्टर 40डी स्थित शारदा सर्वहितकारी स्कूल के बच्चों ने भारत का मानव मानचित्र बनाकर ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए अनूठा संदेश दिया।
इसमें 700 से ज्यादा बच्चों ने हिस्सा लिया। इन बच्चों ने भारत के नक्शे में वोट 2019 को भी रेखांकित किया। साथ ही संकल्प लिया कि वे अपने अभिभावकों और चंडीगढ़ में रह रहे रिश्तेदारों को मतदान के लिए जागरुक करेंगे। चंडीगढ़ में ही टीएफटी के कलाकारों ने अमर उजाला के सहयोग से सेक्टर 26 सब्जी मंडी में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। नाटक के जरिए एक-एक वोट की अहमियत को इतने सरल तरीके से समझाया गया कि वहां मौजूद हर किसी ने मतदान के लिए संकल्प लिया।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ मार्केट कमेटी के सचिव मनोज शर्मा मौजूद रहे। जागरूकता अभियान के तहत जीरकपुर में भी स्कूली बच्चों ने एक जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से सैकड़ों स्कूली बच्चों ने जीरकपुर के शहरी क्षेत्र के लोगों को मतदान के प्रति जागरुक किया। इसमें जीएस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और एसी नेशनल पब्लिक स्कूल के सैकड़ों स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया।
रैली की अध्यक्षता स्वच्छ भारत अभियान और वोटर जागरूकता अभियान डेराबस्सी के ब्रांड अंबेसडर सोनू सेठी ने की। रैली की शुरुआत जीएस मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण से की गई। रैली चंडीगढ़-अंबाला हाईवे से होते हुए पटियाला चौक पहुंची। पटियाला रोड से होते हुए बालाजी एनक्लेव के रास्ते स्कूल के प्रांगण में संपन्न की गई।
10000 स्टूडेंट्स ने 50000 से ज्यादा वोटर्स को प्रेरित करने की ली शपथ
17वीं लोकसभा के 19 मई को पंजाब में होने वाले मतदान के लिए मोहाली में 10000 स्कूली बच्चों ने 50000 से ज्यादा लोगों को प्रेरित करने की शपथ ली। भावी पीढ़ी को मतदान का महत्व समझाते हुए चलाए गए जागरूकता अभियान का मुख्य आयोजन फेज-10 के मानव मंगल स्मार्ट स्कूल में हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत कर रहे ब्रांड अंबेसडर हरमन सिंह संधू ने स्टूडेंट्स को चुनाव आयोग द्वारा किए गए प्रबंधों के बारे में बताया।
विशेष तौर पर दिव्यांग वोटर्स के लिए पोलिंग बूथों पर किए गए इंतजामों पर उन्होंने विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हम अपने फायदे के लिए असुविधा होने के बावजूद प्रयास करते हैं तो फिर हर प्रकार की सुविधा मिलने पर राष्ट्र के लिए मतदान क्यों न करें। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एस करुणा राजू ने मुख्य वक्ता के तौर पर स्टूडेंट्स को चुनाव प्रक्रिया व उसके प्रबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने स्टूडेंट्स के सवालों के जवाब भी दिए।
उन्होंने अपने संबोधन में आजाद भारत के पहले आम चुनाव से लेकर 17वीं लोक सभा के चुनाव तक के सफर को शामिल किया। चुनाव प्रक्रिया में इस दौरान आए बदलावों और भविष्य की संभावनाओं के प्रति स्टूडेंट्स को पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17वीं लोकसभा के लिए पंजाब में 19 मई को होने वाले मतदान की तैयारियां चुनाव आयोग द्वारा जनवरी 2018 से शुरू कर दी गईं थीं। उन्होंने स्टूडेंट्स को यह भी बताया कि प्रशासकीय अधिकारी की जिम्मेदारी चुनाव के दौरान किस तरह से बदल जाती है।
एक साल पहले शुरू हुई थी तैयारी
अमर उजाला के मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मानव मंगल स्मार्ट स्कूल फेज 10 में मुख्य वक्ता पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एस करुणा राजू ने स्टूडेंट्स को चुनाव प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी। 17वीं लोकसभा के लिए पंजाब में 19 मई को होने वाले मतदान की तैयारियों और उसके महत्व के बारे में उन्होंने स्टूडेंट्स को बताया।
डॉ. राजू ने कहा कि हर नागरिक को उसका अधिकार मिल सके इसके लिए लंबी तैयारी करनी होती है। 19 मई को होने वाले मतदान की तैयारियां जनवरी 2018 से शुरू कर दी गई थीं। 1.9 लाख कर्मचारी इस प्रक्रिया का हिस्सा हैं जो राज्य के 2 करोड़ 7 लाख 81 हजार 211 मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने की व्यवस्था में जुटे हैं।
मतदान के दिन वोटर्स की सुरक्षा और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्वक तरीके से करवाने के लिए पैरा मिलिट्री फोर्सेस की 250 कंपनियां लगी हुई हैं, इसके अलावा पंजाब पुलिस के जवान भी तैनात हैं ताकि कोई भी नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस न करे। उन्होंने स्टूडेंट्स को बताया कि राज्य में 23213 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां जाकर नागरिक अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।