आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता तरलोचन सिंह चट्ठा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की टीम में शामिल दुर्गेश पाठक पर टिकट के बदले पैसे लेने का आरोप लगाया है। चट्ठा ने इस संबंध में एक स्टिंग आपरेशन का खुलासा करते हुए एसएसपी को शिकायत दी है।
तरलोचन सिंह चट्ठा ने शिकायत में दुर्गेश पाठक, दीपक तोमर और चंदन सिंह पर पार्टी फंड लेकर विधानसभा टिकट के नाम पर 50 लाख रुपये की कथित ठगी करने के आरोप लगाए है। आप के जोनल इंचार्ज रहे तरलोचन सिंह चट्ठा ने लोकसभा चुनाव के नजदीक आकर यह खुलासा किया है।
चट्ठा द्वारा रकम की अदायगी करने का स्टिंग जारी करते हुए जिला पुलिस प्रमुख, डीजीपी और मुख्यमंत्री से मामले की जांच करवाकर इंसाफ की मांग की है। जिला पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए चट्ठा के बयान के आधार पर दिल्ली निवासी तीनों व्यक्तियों को तलब कर लिया है।
ये है मामला
आप नेता तरलोचन सिंह चट्ठा ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब हलके में आप को मजबूत करने के लिए दुर्गेश पाठक के नेतृत्व में टीम बनाई गई थी। पार्टी के संयुक्त सचिव दीपक तोमर, चंदन सिंह ने चट्ठा को कहा कि वह सूबे के अंदर पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं और गोवा के चुनाव भी हैं, यदि वह 50 लाख रुपये दें तो पार्टी की मजबूती के लिए काम आएगा। साथ ही आश्वासन दिया कि उनको विधानसभा हलका श्री आनंपुर साहिब से पार्टी टिकट भी देंगे।
उन्होंने सहमति प्रकट की और बैंक से लिए लोन और अपनी बेची जमीन से इकट्ठी हुई रकम 30 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में पार्टी को दे दिए। उन्होंने मोहाली के गुरुद्वारा अंब साहिब के पास आम आदमी पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी नरिंदर शेरगिल की गाड़ी में जाकर अपने बेटे आकाश के जरिए चार नवंबर 2016 को पुरानी करेंसी के रूप में पैसे दे दिए। इस दौरान उन्होंने इन सभी घटनाक्रम का स्टिंग भी बनाया। इसके बाद बाकी की रकम टिकटों के एलान से चार दिन पहले उनके घर पर आकर वसूली गई। लेकिन बाद में टिकट डॉ. संजीव गौतम को दे दी गई।
उन्होंने बताया कि सरकार बनने पर चेयरमैनी देने की बात कही गई थी, तथा जब सरकार नहीं बनी तो उन्होंने कहा कि अमरजीत संदोआ आपको पैसा दे देगा। जब उसने भी पैसे न दिए तो अब उन्होंने कहा कि नरिंदर शेरगिल आपको सारी रकम देंगे। परन्तु उन्हें किसी ने भी हाथ पल्ला नहीं पकड़ाया। जबकि इस मामले के बारे में केजरीवाल से ले कर बलॉक प्रधान तक को भी जानकारी है।