ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने उन लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है। जिन्हें जमीन के मुआवजे में लैंड पूलिंग स्कीम के तहत स्पेशल रिहायशी एलओआई जारी किए गए थे।
ऐसे किसानों को गमाडा जल्दी ही प्लॉट देने की तैयारी में है। लोगों को 12 दिसंबर तक अपनी पसंदीदा प्लॉट साइज के लिए आवेदन करना होगा।
जिसके बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, गमाडा ने सेक्टर-88-89, इको सिटी व मेडिसिटी के लिए कुछ समय पहले जमीन एक्वायर की थी। इस दौरान जब कुछ किसानों की ज्यादा जमीन एक्वायर हुई थी। उनकी कुछ जमीन का हिसाब-किताब करने में समस्या आ रही थी।
ऐसे किसानों को गमाडा की तरफ रिहायशी प्लॉटों के लिए स्पेशल एलओआई जारी किए थे। अब गमाडा उन लोगों को प्लॉट देने की तैयारी में है।
गमाडा ने लोगों को कहा है कि जिस साइज का वह प्लॉट लेना चाहते हैं। उन्हें उस हिसाब से रकबा पूरा कर गमाडा में अर्जी देनी होगी। वहीं, गमाडा ने साफ किया है कि तय टाइम के बाद आने वाले आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन ज्यादा हुए तो प्लॉटों के लिए होगा ड्रॉ
गमाडा अधिकारियों के मुताबिक, यदि लोगों के आवेदनों की संख्या प्लॉटों की गितनी से बढ़ जाती है। तो ऐसी स्थिति में गमाडा द्वारा प्लॉटों का ड्रॉ निकाला जाएगा। इस दौरान जो आवेदक कामयाब नहीं होंगे। उन लोगों को एक महीने में प्लॉट के साइज के हिसाब से जगह इकट्ठी करने का टाइम दिया जाएगा। ऐसे केसों में किसी भी प्रकार की ट्रांसफर फीस नहीं लगेगी।
25 हजार प्रति गज से मिलेगा मुआवजा
गमाडा ने साफ किया है जो व्यक्ति अपनी जमीन के बदले नकद मुआवजा उठाना चाहता है। उन्हें यह ऑप्शन भी दे दिया गया है। ऐसे लोगों को जमीन के प्रति वर्ग गज के हिसाब से 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इन प्रोजेक्टों से शहर को मिली पहचान
गमाडा द्वारा जिन तीन प्रोजेक्टों के लिए यह जमीन एक्वायर की गई थी। उनसे जहां शहर को अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। वहीं, कई राज्यों के लोगों को इलाज की बेहतर सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार व पढ़ाई के बढ़िया अवसर भी मिलेंगे। साथ ही गमाडा के शहरी एरिया का विकास होगा। जिन इलाकों में गमाडा द्वारा ये प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं। उसका बकायदा मास्टर प्लान बना हुआ है। साथ ही नया रोड नेटवर्क विकसित किया जा रहा हैं।