रोडवेज का चक्काजाम होने की वजह से दूसरे दिन वीरवार को भी बस सेवा बाधित रही। सरकारी बसों का संचालन ठप होने की वजह से लोगों को निजी वाहन या ट्रेनों का ही सहारा लेना पड़ा।
कालका में ऐसे यात्रियों की संख्या में 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि पंचकूला बस अड्डे पर यात्री भटकते नजर आए। हरियाणा सर्व कर्मचारी संघ से जुड़े पदाधिकारियों की मंत्री से मुलाकात के बाद यह हड़ताल खत्म कर दी गई। शुक्रवार सुबह से हरियाणा रोडवेज की बसें सभी गंतव्यों के लिए नियमित रूप से चलेंगी।
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रेस सचिव श्रवण कुमार ने कहा कि अस्थायी कर्मियों की स्थायी करने सहित कई मांगों से सरकार को अवगत कराया गया है। सरकार की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी गई है, जो अगले तीन महीने में अपनी रिपोर्ट देगी।