रविवार दोपहर हुई बारिश में गांव मोहाली में करंट लगने से देवर-भाभी की मौत हो गई। बिजली सप्लाई लाइन टीन शेड को छू जाने से इसमें करंट आ गया। दो मौतों के बाद विभाग ने आनन-फानन में बिजली की तारों को बदलने का काम शुरू कर दिया।
पूनम देवी (40) रविवार को अपने घर के बाहर टीन शेड के नीचे खड़ी थीं। शेड के साथ ही बिजली की सप्लाई लाइन गुजरती है। तार ढीले थे और दोपहर दो बजे जब बारिश हो रही थी, तारों से शेड में करंट आ गया। पूनम देवी ने जैसी ही शेड के एंगल को छुआ, वह तड़पने लगी।
यह देख उनका देवर पलटन (50) उन्हें बचाने पहुंचा तो उसे भी करंट लग गया। इस बीच आसपास के लोग भी इकट्ठे हो गए और उन्होंने किसी तरह तार को शेड से हटाया। थ्री-व्हीलर से दोनों को फेज-छह के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत करार दे दिया।
पलटन अपने भाई किशोर कुमार और भाभी पूनम के साथ पिछले बीस साल से मोहाली गांव में ही रह रहा था। वह एक फैक्ट्री में काम करता था। उसका परिवार गोपालगंज, बिहार में रहता है। वहीं, पूनम देवी के तीन बच्चे राजू (17), सचिन (16) और विशाल (13) हैं। जिनमें राजू की दिमागी हालत ठीक नहीं है।
उधर, हादसे की खबर पहुंचते ही बिजली विभाग में भी हड़कंप मच गया। जेई रंजीत सिंह फौरन अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचे। विभाग ने आनन-फानन में उस लाइन की पूरा तार बदलने का काम भी शुरू कर दिया।