पाकिस्तान में कुलभूषण जाधव की पत्नी और मां से हुई बदसलूकी को पाक से भारत आई महिलाओं ने बेहद शर्मनाक घटना बताया है। समझौता एक्सप्रेस से वीरवार को भारत आई लाहौर की असगरी अख्तर और कराची की रेहाना महबूब का कहना था कि वह इस घटना से शर्मिंदा हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में तीन तलाक पर बहस हो रही है। इसके लिए बिल पास होना है। वहीं पाक बेगमें चाहती हैं कि भारत जैसे तीन तलाक पर कानून उनके शौहरों के लिए भी बनें। जिस तरह तीन बार तलाक कहकर बेगम को नजरअंदाज कर दिया जाता है, यह सरासर गलत है। भारत का फैसला उचित है और यह कानून पाक में भी होना चाहिए।
समझौता एक्सप्रेस से अटारी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे इस्लामाबाद के मोहम्मद अहसान के परिवार ने कहा कि दोनों मुल्कों के बीच तनातनी होने से रिश्तेदारियां सिसक रही हैं। वीजा एक-दूसरे देशों के लिए नहीं मिल रहा है। भारत और पाक को मिलकर आतंक से मुकाबला करना चाहिए। दोनों देशों के बीच सरहदों पर गोलियां नहीं बल्कि एक-दूसरे की मदद के हाथ उठने चाहिए।