इस बार जन्माष्टमी के पर्व पर 20 वर्ष के बाद कृष्ण जयंती योग बन रहा है। यह कहना है सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर स्थित भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्रा का। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व 5 सितंबर दिन शनिवार को है।
भगवान श्रीकृष्ण का जन्म अष्टमी के दिन रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। इस बार दिन शनिवार को रात तीन बजकर दो मिनट तक अष्टमी तिथि है। साथ ही रात 12 बजकर नौ मिनट तक ही रोहिणी नक्षत्र है।
मिश्रा का कहना है कि निर्णय सिंधु के अनुसार अर्द्ध्र रात्रि में यानी रात 12 बजे अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र हो तो इसे कृष्ण जयंती योग कहते हैं। इस बार सिंह राशि में सूर्य है और सिंह राशि का बृहस्पति है। दिन शनिवार है। बृष राशि का चंद्रमा होने के कारण यह योग 20 वर्ष बाद बना है।
व्रत और पूजा से दूर होंगे कष्ट
सेक्टर-15 के जय श्री राम ज्योतिष केंद्र के प्रमुख स्वामी राम बहादुर मिश्र, सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर के पुजारी श्याम सुंदर शास्त्री और 18 के श्रीराधा कृष्ण मंदिर के पुजारी और देवालय पूजक परिषद के कोषाध्यक्ष लाल बहादुर दुबे का कहना है कि कृष्ण जयंती योग में व्रत पूजा और उपवास करने से कष्ट दूर हो जाते हैं। यह योग अति फलदायी है।
पुजारियों के अनुसार चार सितंबर दिन शुक्रवार की रात तीन बजकर 55 मिनट से अष्टमी प्रारंभ हो रही है और शनिवार की रात को तीन बजकर दो मिनट पर अष्ष्टमी समाप्त हो रही है।
रोहिणी नक्षत्र का आरंभ शुक्रवार की रात चार सितंबर को रात 12 बजकर 25 मिनट से शुरू हो रहा है और पांच सितंबर की रात 12 बजकर नौ मिनट पर रोहिणी नक्षत्र समाप्त हो रहा है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र का होना आवश्यक है।
मंदिरों में भव्य तैयारी
•श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर सेक्टर-36 स्थित इस्कॉन और सेक्टर-20 स्थित श्री चैतन्य गौड़ीय मठ में बड़ा आयोजन होता है। इस्कॉन मंदिर में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा जन्माष्टमी के दिन भगवान का महाभिषेक होगा।
•श्री चैतन्य गौड़ीय मठ में आकर्षक झांकियां बनाई जा रही हैं। हजारों की संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
•सेक्टर-20 के गुग्गामाड़ी श्री हनुमान मंदिर के प्रमुख पंडित किशोरी लाल ने बताया कि नैतिक और धार्मिक मूल्यों पर आधारित आकर्षक झांकियां होंगी।
•सेक्टर-27 के श्री सनातन धर्म मंदिर में भव्य आयोजन होगा। सेक्टर-18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर में भजनों की अमृत वर्षा होगी।