कार का बटन दबाएंगे तो कार हरकत में और रेस पर पैर गया नहीं कि कार करेगी हवा से बात। यही है जैगुआर एफ टाइप की रफ्तार। बुधवार को चंडीगढ़ के होटल ताज में जगुआर एफ टाइप ने सबको अपना दीवाना बना डाला। बुधवार को जो यहां से गुजरा जगुआर की इस स्पोर्ट्स कार को देखने के लिए ठिठक गया।
खासियत
जैगुआर एफ टाइप में पांच हजार सीसी का इंजन, आठ सिलेंडर की पावर के साथ आठ स्पीड आटोमेटिक जेडएस ट्रांसमिशन के साथ 4.3 सेकेंड में सौ किमी प्रतिघंटा की स्पीड पकड़ लेती है। इसकी अधिकतम स्पीड है तीन सौ किमी प्रति घंटा।
जैगुआर के एक अधिकारी ने कहा कि कार में सुपर चार्ज्ड इंजन है। इससे ज्यादा पावर जनरेट होती है। कार को डायनमिक मोड में डालते ही कार के इंटीरियर लाइट के कलर लाल हो जाते हैं और कार पहले से ज्यादा स्मूथ और पावरफुल बन जाती है।
12 सेकेंड में हट जाएगी रूफ
मौसम अच्छा है तो आप कार की रूफ हटा सकते हैं, वो भी महज 12 सेकेंड में। यह कार सिर्फ रफ्तार ही नहीं पकड़ती बल्कि रफ्तार के साथ इसमें हैं पैडस्ट्रियन सेफ्टी का फुलप्रूफ इंतजाम। कार में डिप्लायबल बोनट है। यदि कोई पैदल यात्री टकराकर इसके ऊपर गिरता है तो बोनट के एयरबैग उसे बचाएंगे।
आठ स्पीड क्विक शिफ्ट गियर
इसका इंजन आठ स्पीड क्विक शिफ्ट गियर ऑटोमैटिक गियर ट्रांसमिशन पर काम करता है। इस गियर ट्रांसमिशन से सिर्फ ऑटोमैटिक नहीं बल्कि इसे मैनुअल मोड की तरह भी चला सकते हैं। इस कार में आटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल है। इसमें एयर क्वालिटी सेंसर भी है। इस कार को कीलेस स्टार्ट भी किया जा सकता है।
गाड़ी स्टेबल रहे इसके लिए कार में दिए गए रियर स्पॉयल रफ्तार को भांप कर अपने आप उपर उठ जाता है। डैश बोर्ड को स्पोर्ट्स कार के साथ लग्जरी कार बनाने के लिए कंपनी ने कई सारे बटन की जगह इसमें 8 इंच का मल्टी फंक्शनल टच स्क्रीन लगाया है। इसके सहारे आप गाड़ी के कई कंट्रोल एक टच के सहारे कर सकते हैं।
इंजन क्षमता
पांच हजार सीसी
आठ सिलेंडर
495 हार्स पावर
625 एनएम
दाम-1.86 करोड़