नैतिक हत्याकांड ने बढ़ाई अभिभावकों की चिंता, किशोरों की रंजिश में गैंगस्टरों की भूमिका पर सवाल अप्रैल 2025 तक पांच साल में 587 नाबालिग पकड़े गए
चंडीगढ़। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उस उम्र में चाकू-तमंचे और गंभीर अपराधों में संलिप्तता की खबरें अभिभावकों की चिंता बढ़ा रही हैं। सेक्टर-22 में 16 वर्षीय नैतिक की हत्या ने सवाल खड़ा कर दिया है कि किशोरों के बीच शुरू होने वाली रंजिश जानलेवा वारदात तक कैसे पहुंच रही है और इसमें संगठित अपराधियों की भूमिका क्या है। चोरी-छिनैती से आगे बढ़कर हत्या के प्रयास और हत्या की साजिश जैसे मामलों में किशोरों के नाम सामने आना गंभीर चुनौती है।
पुलिस के मुताबिक, नैतिक और मामले में पकड़े गए नाबालिग के बीच स्कूल के समय से रंजिश थी। नैतिक ने पहले लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर मनी के माध्यम से दूसरे नाबालिग को धमकी दिलवाई थी। आरोप है कि वारदात वाले दिन अपने साथ मारपीट और धमकी से नाराज आरोपी ने बंबिहा गैंग से जुड़े लक्की पटियाल के करीबी दो शूटरों से संपर्क किया। इन दोनों ने नैतिक की गोली मारकर हत्या कर दी।
चंडीगढ़ पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 से अप्रैल 2025 तक अलग-अलग अपराधों में 587 नाबालिग पकड़े गए। इनमें हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, दंगा, लूटपाट और छिनैती जैसे अपराध शामिल हैं। ये आंकड़े किशोर अपराध की गंभीरता दिखाते हैं।
पुराने मामले भी दे रहे चेतावनी
केस-1
मई 2026: चंडीगढ़ पुलिस ने 12वीं कक्षा के एक छात्र को कथित हत्या की साजिश के मामले में पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, वह तरनतारन जिले के पट्टी में एक व्यक्ति की हत्या करने के इरादे से जा रहा था। आरोप था कि विदेश में बैठे दो गैंगस्टरों ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिये उससे संपर्क किया था। पुलिस ने 6 मई को तकनीकी जानकारी और गुप्त सूचना के आधार पर उसे रोका।
केस-2
अक्तूबर 2025: पुलिस ने दो युवकों की हत्या की कथित सुपारी लेने के आरोप में 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से देसी पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस के अनुसार, मामले में तीन अन्य आरोपी फरार थे।
केस-3
मई 2025: रामदरबार फेज-2 के कैक्टस पार्क में 18 वर्षीय सागर राजपूत की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में पांच नाबालिगों को पकड़ा था। शुरुआती जांच में मृतक और आरोपियों के बीच पुराना विवाद सामने आया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए थे।
केस-4
जनवरी 2025: हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में मोबाइल फोन की दुकान पर गोलीबारी के मामले में 17 वर्षीय किशोर पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगा था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 7 जनवरी को हुई घटना में किशोर ने हथियार उपलब्ध कराया और गोलीबारी की, जबकि दूसरा आरोपी मोटरसाइकिल चला रहा था। दुकानदार को पहले से धमकियां मिलने के कारण पुलिसकर्मी भी तैनात थे।
कोट
पुलिस किशोरों को अपराध से दूर रखने के लिए जागरूकता, काउंसलिंग और परिवारों के सहयोग पर काम कर रही है। नाबालिगों की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आने पर कानून के तहत कार्रवाई के साथ उनके सुधार और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जाता है। अभिभावक बच्चों के व्यवहार, संगत और ऑनलाइन संपर्कों पर नजर रखें। समय रहते समस्या सामने आने पर पुलिस, स्कूल और परिवार मिलकर बच्चे को अपराध की राह पर जाने से रोक सकते हैं। -एसपीएस सोंधी, डीएसपी, चंडीगढ़ पुलिस