दिल्ली की सीमाओं पर जारी किसानों के आंदोलन के एक माह बीत जाने के बाद अब विदेश में बसे भारतीयों खासकर पंजाबियों ने भी किसानों से सीधे जुड़ने का एलान कर दिया है। ‘एनआरआई चलो दिल्ली’ के तहत पंजाब के एनआरआई 30 दिसंबर को दिल्ली के सिंघु बार्डर पर पहुंचकर किसान आंदोलन से जुड़ेंगे। इस बीच पता चला है कि पंजाब में विभिन्न सियासी दलों के एनआरआई विंग भी सक्रिय हो गई है और उनके सदस्य भी जल्द भारत लौटकर किसान आंदोलन से जुड़ेंगे।
टोरंटो में बसे पटियाला निवासी एनआरआई सुरिंदर मावी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वे अपने साथियों रमन बराड़ टोरंटो (फरीदकोट), विक्रमजीत सरां वैंकूवर (मानसा), दविंदर सिंह घलोटी जर्मनी (लुधियाना), जगजीत सिंह जर्मनी (कपूरथला), हरप्रीत सिंह जर्मनी (जालंधर), मेजर सिंह इंग्लैंड, भवजीत सिंह ऑस्ट्रेलिया (लुधियाना), अमृतपाल ढिल्लों कैलिफोर्निया (कपूरथला), दलविंदर सिंह न्यूयार्क (बठिंडा), बलजिंदर सिंह न्यू जर्सी (नकोदर), अवतार सिद्धू अल्बर्टा (मोगा) सहित भारत पहुंच रहे हैं और भारत आए एनआरआई के साथ किसान आंदोलन में हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें- कौन थे पंडित गोलकनाथ, जिनके नाम पर बना पंजाब का सबसे पुराना चर्च, रोचक है इतिहास
मावी ने कहा कि पंजाब और किसानों के बेटे होने के नाते उनकी भी जिम्मेदारी बनती है कि वे जमीनी संघर्ष कर रहे किसान बेटे-बेटियों का साथ दें क्योंकि भीषण ठंड में भी वे अपनी जमीनों को बचाने के लिए दिल्ली की सड़कों पर बैठे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुहिम का उद्देश्य किसान भाइयों की मदद के लिए एनआरआई समर्थन जुटाना है। फिलहाल जो एनआरआई भारत लौट चुके हैं, उनसे अपील की गई है कि वे सिंघु बार्डर पर 30 दिसंबर को दोपहर 12.30 बजे मुख्य स्टेज पर पहुंचें।