संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। जगरांव के गांव रकबा में एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर बाइक पर भगा ले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता 11वीं कक्षा की छात्रा है। घटना 23 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। पीड़िता के परिजन के अनुसार, आरोपी युवक ने लड़की को बाइक पर उठाकर फरार कर दिया, जिसे परिवार के बेटे के दोस्त ने देखा।
जब परिजन आरोपी के घर जाकर अपनी बेटी की तलाश करने पहुंचे, तो उन्हें गुमराह किया गया और गाली-गलौच कर भगा दिया गया। इसके बाद आरोपी के परिजनों ने पीड़ित परिवार के घर जाकर खुलकर जान से मारने की धमकियां दी और कहा कि यदि पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो उनके बेटे को मार दिया जाएगा। इस कारण परिवार डर के मारे थाने तक जाने में असमर्थ रहा।
मामले की जानकारी मिलने पर सीटू जत्थेबंदी के सदस्य गुरप्रीत सिंह पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी लुधियाना (देहाती) डॉ. अंकुर गुप्ता से मिले और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को संबंधित थाना में जाकर मामला दर्ज करवाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। सीटू नेता गुरप्रीत सिंह ने कहा कि नाबालिग को घर से उठाने और परिवार को धमकाने की यह घटना बेहद गंभीर है और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।