खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा ने कुश्ती में अपना दमखम बना रखा है। हरियाणा के अंतिम ने कुश्ती के 53 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। इसी के साथ हरियाणा एक बार फिर से पदक तालिका में 25 स्वर्ण पदक के साथ पहले स्थान पर पहुंच चुका है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 में कुश्ती में हरियाणा का यह 13वां स्वर्ण पदक है।
कुश्ती में हरियाणा की अंतिम ने एक तरफा 11-0 से मुकाबला अपने नाम किया। उन्होंने महाराष्ट्र की कल्याणी को पटखनी दी है। वहीं पंचकूला के सेक्टर 3 स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में कुश्ती का फाइनल मैच देखने बतौर मुख्यातिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी पहुंचे।
खेलो इंडिया का आयोजन पंचकूला में होना फक्र की बात
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 का आयोजन पंचकूला में होना फक्र की बात है। इसके लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि इन खेलों के परिणाम से पूरे देश को प्रेरणा मिलेगी। हरियाणा के खिलाड़ियों की देश-विदेश में पहले भी धाक रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार खिलाड़ी पूरे देश में हरियाणा का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि इन खेलों के परिणामों से निश्चित रूप ओलंपिक, एशियाड और राष्ट्रमंडल जैसे खेलों में पदक लाने का रास्ता प्रशस्त होगा।
गुप्ता ने कहा कि पिछले खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हरियाणा का छठा स्थान था और यह खुशी की बात है कि अब तक के मुकाबले में हरियाणा पहले स्थान पर बना है। गुप्ता ने लड़कियों की 53 किलोग्राम भारवर्ग की विजेताओं की पदक सेरेमनी में हिस्सा लिया।