समाज में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी अनूठी पहचान बनाने वाले 9 कर्म योगियों को पंजाब कला भवन में सोमवार को ‘कर्मयोगी एक्सीलेंस अवार्ड-2020’ से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि इंडियन आयल के स्टेट लेवल कोआर्डिनेटर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर व स्टेट हेड सुजॉय चौधरी व विशेष अतिथि मेजर अमित सरीन ने अवार्ड लेने वालों को सम्मानित किया।
इन्हें दिया सम्मान
रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में अकेले लड़ते हुए आतंकियों को धूल चटा कर शहीद होने वाले लेफ्टीनेंट त्रिवेणी सिंह को मरणोपरांत यह सम्मान उनके परिजनों को दिया गया। इनके अलावा स्टार्टअप से बड़े एंटरप्रिन्योर बनीं अगम खन्ना, बिजनेस के साथ समाज सेवा में आगे आने वाले अजय गोयल, सैनिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने वाले यमुनानगर के दिल्ली पब्लिक स्कूल, पर्यावरण बचाने के लिए नियमित अनूठे प्रयास करने वाले संदीप बिमटा, ग्रामीण क्षेत्र में निशुल्क स्वास्थ्य चेकअप कैंप लगाने वाले डॉ. रश्मि सिंगला को स्वास्थ्य के लिए कर्मयोग एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया।
साथ ही सुविधाओं के अभाव में प्रतिभा दम न तोड़ें ऐसे बच्चों को निशुल्क बॉक्सिंग की कोचिंग देने वाले कोच जोगिंद्र, विभिन्न एनजीओज के साथ मिलकर उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाली रेखा त्रिवेदी और 70 प्रतिशत पैरालाइज होने के बावजूद रसायन मुक्त खेती कर स्वस्थ समाज का संदेश देने वाले करनैल सिंह को इस सम्मान से नवाजा गया।