कपूरथला के भुलत्थ में नशे के लिए बदनाम गांव बूटा में पुलिस ने एक नशा तस्कर की एक करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज कर दी है। मौके पर पहुंचे डीएसपी भुलत्थ सुरिंदर पाल ने बताया कि नशे की कमाई से बनाई गई तस्कर की प्रॉपर्टी पर नोटिस लगा दिया है। इसमें लोगों को जागरुक करते हुए लिखा है कि इस प्रॉपर्टी को अब कोई खरीद-बेच नहीं सकता है।
डीएसपी सुरिंदर पाल ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नशा तस्करी को खत्म करने के क्रम में तस्करों की प्रॉपर्टी सीज करने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि गांव बूटा के नशा तस्कर गुजराल सिंह उर्फ जोगा वासी बूट के खिलाफ थाना सुभानपुर में विभिन्न मामले दर्ज है। उसकी संपत्ति के अंतर्गत दुकान का मूल्य 9.24 हजार, घर का मूल्य 91,58,000 रुपये और वाहनों का मूल्य 13,20,000 रुपये है। तस्कर गुजराल की संपत्ति की कीमत 1.14 लाख रुपये है। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त तस्कर के खिलाफ कई जिलों में मामले दर्ज है और फिलहाल यह कपूरथला मॉडर्न जेल में बंद है।
पंजाब सरकार और कॉम्पिटेंट अथॉरिटी के अधिकारियों के आदेश पर इस ड्रग तस्कर के घर के बाहर एक फ्लेक्स शीट द्वारा नोटिस चस्पा किया गया है। इसी क्रम में कॉम्पिटेंट अथॉरिटी को नशा तस्करी की कमाई से बनाई गई संपत्ति को जब्त करने के लिए एक पत्र भी लिखा है। इस संपत्ति को न तो बेचा जा सकता है और न ही खरीदा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।