कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए चंडीगढ़ से भक्तों का जत्था 15 जून को रवाना होगा। यात्रा का शेड्यूल तय हो गया है। जत्थे में 24 भक्त जाएंगे। भक्त कैलाश मानसरोवर की परिक्रमा के अलावा नंदी, आत्मलिंग, सप्तऋषि गुफा और कुबेर कुंड की परिक्रमा करेंगे। चंडीगढ़ में ट्रेन से भक्तों का जत्था लखनऊ के लिए रवाना होगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रा संगठन के अध्यक्ष नाम देव ढींगरा ने बताया कि करीब एक सप्ताह में जत्था वापस चंडीगढ़ वापस आ जाएगा। ढींगरा ने बताया कि बाबा के भक्त चंडीगढ़ से लखनऊ जाएंगे। वहां से नेपालगंज जो नेपाल में पड़ता है वहां पहुंचेंगे। नेपालगंज से छोटे विमान से वह 11 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित हिल स्टेशन सिमीकोट जाएंगे।
सिमीकोट से हेलीकॉप्टर से हिलसा पहुंचेंगे। वहां से बस से टकलाकोट होते हुए मानसरोवर झील पहुंचेंगे। नामदेव ढींगरा ने बताया कि नेपाल में पिछले वर्षों में आए भूकंप के कारण पुराने रास्ते बंद हैं। इसके कारण काठमांडू के रास्ते से मानसरोवर नहीं जा रहे हैं। कैलाश मानसरोवर के लिए भक्तों का दूसरा जत्था सितंबर में रवाना होगा।
ये है यात्रा का शेड्यूल
15 जून को चंडीगढ़ से रवाना
16 जून लखनऊ से नेपालगंज
17 जून सिमीकोट
18 जून हिलसा से टकलाकोट
19 जून मानसरोवर
20 जून डेरापुक
21 जून जुथलपुक
22 जून सिमीकोट
23 जून को वापस चंडीगढ़