फरीदाबाद के गांव खंदावली निवासी 16 वर्षीय जुनैद की हत्या मामले में एसआईटी ने अपना जवाब दाखिल करते हुए कहा कि यह कोई पूर्व नियोजित साजिश नहीं थी। यह सीट को लेकर विवाद और इसके बाद दोनो पक्षों के बीच झगड़े का परिणाम था। जिसमें आरोपी पक्ष को भी चोटें आई हैं।
वहीं, जुनैद के पिता ने अर्जी दाखिल करते हुए हरियाणा सरकार के हाईकोर्ट में अपनाए गए रुख पर सवाल उठा दिए। जुनैद के पिता ने कहा कि 2 करोड़ और 3 एकड़ जमीन में समझौते की बात केवल अफवाह है और पूरी तरह से फर्जी है। दोनों हलफनामे रिकार्ड पर लेकर हाईकोर्ट ने सुनवाई बुधवार के लिए स्थगित कर दी।
हरियाणा सरकार द्वारा हाईकोर्ट में जुनैद के परिजनों पर समझौते के लिए दो करोड़ रुपये और तीन एकड़ जमीन की मांग करने संबंधी जानकारी देने के बाद मृतक के पिता ने हाईकोर्ट में हलफनामा दाखिल कर समझौते की बात को बेबुनियाद बताया है। मुंबई के खंदावली निवासी 16 वर्षीय जुनैद की दिल्ली से ईद की खरीदारी करके लौटने के दौरान 22 जून को रेल में सीट विवाद के चलते हुई हत्या के मामले में हरियाणा पुलिस द्वारा की जा रही जांच पर सवाल उठाते हुए जुनैद के पिता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इस मामले की सीबीआई जाँच करवाए जाने की मांग की है। इसपर जवाब दाखिल करते हुए एसआईटी ने कहा कि यह याचिका आधार विहीन है। मामले में चालान दाखिल किया जा चुका है और ऐसे में जांच पूरी होने के बाद याचिका का कोई औचित्य नहीं है।