चंडीगढ़। मोहाली के पीसीए स्टेडियम में भारत-श्रीलंका के बीच चल रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को सुरक्षा प्रबंधों को चकमा देकर एक प्रशंसक मैदान में कूदकर क्रिकेटर के पास पहुंच गया। खिलाड़ियों के इतने नजदीक प्रशंसक के पहुंचने पर हड़कंप मच गया। हालांकि, उसे पकड़ने में सुरक्षाकर्मियों के पसीने छूट गए। इसी बीच पीसीए की ओर से घोषणा की गई कि स्टेडियम में मैच के दौरान कूदने वाले प्रशंसकों के मैच देखने के लिए प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध लगाया जाएगा।
यहा वाकया उस समय हुआ, जब भारतीय टीम क्षेत्ररक्षण कर रही थी और श्रीलंका की दूसरी पारी में 32 ओवर पूरे हो चुके थे। आनन-फानन में स्टॉफ और सुरक्षाकर्मी उसे पीछे भागे। तब तक प्रशंसक जयंत यादव के नजदीक पहुंच गया। वहीं, जयंत प्रशंसक से बचकर दूसरी ओर जाने लगे। हालांकि, प्रशंसक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, उसे बाद में छोड़ दिया गया। प्रशंसक 12 नंबर गेट के साथ लगने वाले स्टैंड की ओर से मैदान पर पहुंचा।
बता दें कि इससे पहले शनिवार को मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम की ओर जा रहे विराट कोहली पर एक प्रशंसक ने कैंप फेंक दी थी। इन दोनों घटनाओं के बाद पीसीए की ओर से निर्णय लिया गया कि अब अगर कोई प्रशंसक खिलाड़ियों के ऊपर कुछ फेंकता या फिर मैदान में पहुंचता है तो उस पर स्टेडियम में मैच देखने के लिए प्रवेश पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया जाएगा।
जड़ेजा ने दर्शकों के लिए बनाया सुपर संडे
पिछले दो दिनों के मुकाबले रविवार को भारी संख्या में दर्शक स्टेडियम में पहुंचे। वहीं, भारतीय खिलाड़ियों ने भी दर्शकों को निराश नहीं किया। श्रीलंका को एक पारी और 222 रन से हराकर खुशी मानने का शानदार मौका दिया। भारतीय टीम की जीत में सभी खिलाड़ियों का बेहतर योगदान रहा, लेकिन रविंद्र जड़ेजा ने अपने जादुई प्रदर्शन से स्टेडियम में उपस्थित दर्शकों के लिए संडे को सुपर संडे में बदल दिया।
कोहली के इशारे पर खूब बजाईं तालियां
श्रीलंका की बल्लेबाजी के दौरान विराट कोहली ने स्टेडियम में बैठे दर्शकों से तालियां बजाने की अपील की। इस पर दर्शकों ने तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, पहली पारी में रविंद्र जड़ेजा ने 5वां विकेट लिया तो गेंद हाथ में पकड़कर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद टीम के साथी खिलाड़ियों ने जड़ेजा की पीठ थपथपाई।
राज्यपाल ने मैच का उठाया लुत्फ
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने रविवार सुबह पीसीए स्टेडियम पहुंचकर भारत-श्रीलंका के बीच खेले जा रहे टेस्ट मैच का लुत्फ उठाया। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष पद्मश्री राजिंदर गुप्ता ने राज्यपाल का स्वागत किया। राज्यपाल ने कम समय में दर्शकों के लिए अनुकूल व्यवस्था करने के प्रयासों की सराहना की।